लखनऊ। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (UPPRPB) ने पुलिस कांस्टेबल भर्ती-2025 में शामिल सभी अभ्यर्थियों के स्कोरकार्ड जारी कर दिए हैं। उम्मीदवार अब आधिकारिक वेबसाइट uppbpb.gov.in पर जाकर अपने सामान्यीकृत (नॉर्मलाइज्ड) अंक देख सकते हैं। इसके लिए बोर्ड ने 16 नवंबर 2026 से ऑनलाइन लिंक सक्रिय कर दिया है। यह सुविधा 15 दिसंबर 2026 तक उपलब्ध रहेगी।
अभ्यर्थियों को अपने अंक देखने के लिए रजिस्ट्रेशन नंबर और जन्मतिथि की मदद से पोर्टल पर लॉगिन करना होगा। सफलतापूर्वक लॉगिन करने के बाद उन्हें ‘Click here for Normalised Score’ विकल्प पर क्लिक करना होगा। इसके बाद सामान्यीकृत अंक उनके पंजीकृत ई-मेल आईडी पर भेज दिए जाएंगे। उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे अपनी रजिस्टर्ड ई-मेल आईडी सक्रिय रखें।
14 अक्टूबर को जारी हुआ था फाइनल रिजल्ट
यूपी पुलिस कांस्टेबल भर्ती का फाइनल परिणाम 14 अक्टूबर 2026 को जारी किया गया था। इसमें पदों और महिला-पुरुष श्रेणियों के अनुसार अलग-अलग मेरिट सूची जारी की गई थी। भर्ती में नागरिक पुलिस, पीएसी/सशस्त्र पुलिस, विशेष सुरक्षा बल, जेल वार्डर, घुड़सवार पुलिस और महिला बटालियन के पद शामिल हैं।
ऐसे चेक करें अपना स्कोरकार्ड
अभ्यर्थी सबसे पहले यूपी पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट uppbpb.gov.in पर जाएं। होम पेज पर सबसे ऊपर दिए गए नोटिस में ‘उत्तर प्रदेश पुलिस में आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 के अन्तर्गत प्रसामान्यीकृत अंक हेतु लिंक’ पर क्लिक करें।
इसके बाद खुलने वाले पेज पर अपना रजिस्ट्रेशन नंबर और जन्मतिथि दर्ज करके साइन इन करें। लॉगिन होने के बाद ‘Click here for Normalised Score’ टैब पर क्लिक करें। इसके बाद अभ्यर्थी के सामान्यीकृत अंक पंजीकृत ई-मेल आईडी पर प्राप्त हो जाएंगे। किसी तरह की तकनीकी समस्या आने पर उम्मीदवार बोर्ड की वेबसाइट पर उपलब्ध हेल्पडेस्क नंबर के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं।
32,679 पदों पर हुई है भर्ती
इस भर्ती के तहत कुल 32,679 पदों पर चयन किया गया है। इनमें आरक्षी नागरिक पुलिस के पुरुष एवं महिला अभ्यर्थियों के लिए 10,469 पद शामिल हैं। आरक्षी पीएसी/सशस्त्र पुलिस के केवल पुरुष अभ्यर्थियों के लिए 15,131 पद निर्धारित थे।
इसके अलावा आरक्षी विशेष सुरक्षा बल के 1,341, महिला बटालियन में महिला आरक्षी के 2,282, आरक्षी घुड़सवार पुलिस के 71, जेल वार्डर पुरुष के 3,279 और जेल वार्डर महिला के 106 पद शामिल हैं। भर्ती प्रक्रिया में शामिल अभ्यर्थी निर्धारित समय सीमा के भीतर अपने सामान्यीकृत अंक देख सकते हैं।
