उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर भाजपा ने अभी से अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी संगठन को मजबूत बनाने के लिए इस बार यूथ और बूथ को अपनी रणनीति के केंद्र में रख रही है। खासतौर पर जेन-जी यानी नई पीढ़ी और युवा मतदाताओं को पार्टी से जोड़ने की योजना बनाई जा रही है। इसके साथ ही बूथ स्तर पर संगठन की पकड़ मजबूत करने और कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने पर भी जोर दिया जा रहा है।
मथुरा के फरह क्षेत्र स्थित परखम गांव में सोमवार को भाजपा की योजना बैठक आयोजित की गई। पंडित दीनदयाल उपाध्याय गो-अनुसंधान केंद्र में हुई इस बैठक में पार्टी और संघ के वरिष्ठ नेताओं ने चुनावी रणनीति पर विस्तार से चर्चा की। बैठक में युवाओं के बीच पार्टी की पहुंच बढ़ाने और नई पीढ़ी को संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी देने के तरीकों पर विचार किया गया।
जेन-जी को पार्टी से जोड़ने की रणनीति
बैठक में इस बात पर विशेष मंथन हुआ कि युवाओं की बदलती सोच, उनकी आकांक्षाओं और डिजिटल माध्यमों के बढ़ते प्रभाव को ध्यान में रखते हुए उनसे संवाद कैसे स्थापित किया जाए। पार्टी की योजना अधिक से अधिक युवाओं को संगठन से जोड़ने के साथ उन्हें भाजपा की विचारधारा और कार्यक्रमों से परिचित कराने की है। इसके लिए विशेष अभियान चलाने पर भी विचार किया गया।
हर बूथ पर संगठन मजबूत करने की तैयारी
भाजपा ने बूथ प्रबंधन को भी चुनावी रणनीति का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाया है। प्रत्येक बूथ पर कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियां तय करने, मतदाताओं से लगातार संपर्क बनाए रखने और स्थानीय मुद्दों की जानकारी रखने पर जोर दिया गया। पार्टी का मानना है कि मजबूत बूथ संगठन के जरिए चुनावी तैयारियों को जमीनी स्तर तक प्रभावी बनाया जा सकता है।
बैठक के पहले दिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और अन्य वरिष्ठ नेताओं सहित करीब 54 पदाधिकारियों ने लगभग 12 घंटे तक चुनावी मुद्दों पर चर्चा की। बैठक का सिलसिला रात करीब 11 बजे तक चला। मंगलवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी बैठक में शामिल होंगे।
बैठक में दोनों उपमुख्यमंत्रियों के अलावा राष्ट्रीय महामंत्री स्मृति ईरानी, विनोद तावड़े, जगदीश पटेल, अनंत ओझा, रमापति राम त्रिपाठी, महेंद्रनाथ पांडेय, स्वतंत्र देव, धर्मपाल सिंह लोधी, गीता शाक्य, मांट विधायक राजेश चौधरी और अभिजात मिश्रा समेत करीब 54 पदाधिकारी एवं मंत्री मौजूद रहे।
सीएम योगी की सुरक्षा में पांच जिलों का पुलिस बल तैनात
परखम में आयोजित बैठक के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और अन्य वरिष्ठ नेताओं की सुरक्षा के लिए पांच जिलों से पुलिस बल बुलाया गया था। एसपी सिटी राजीव कुमार सिंह के अनुसार आगरा, अलीगढ़, मैनपुरी, फिरोजाबाद और हाथरस से पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया। सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी पांच अपर पुलिस अधीक्षकों और 19 क्षेत्राधिकारियों को सौंपी गई थी। इसके अलावा पीएसी की दो कंपनियां भी तैनात रहीं।
पूरे कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्र में लगभग एक हजार पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई थी। सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखने के लिए एंटी ड्रोन टीम भी तैनात रही। आसमान से होने वाली गतिविधियों की निगरानी के साथ अन्य सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारी भी कार्यक्रम स्थल पर मौजूद रहे।
स्मृति ईरानी ने महिलाओं से जाना हालचाल
बैठक में शामिल होने से पहले पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कार्यक्रम की व्यवस्थाओं में जुटी महिलाओं से मुलाकात की और उनका हालचाल जाना। बैठक के बाद भी उन्होंने महिलाओं से बातचीत की और उनके भोजन के बारे में पूछा। उन्होंने कहा कि वह महिलाओं के साथ ही भोजन करेंगी। इस दौरान उन्होंने कुछ महिलाओं को नाम लेकर भी बुलाया।
विनोद तावड़े ने कुल्हड़ में पिया गर्म दूध
भाजपा के प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े शाम को भोजन के बाद दूध की कढ़ाई के पास पहुंचे और कुल्हड़ में गर्म दूध पिया। उन्होंने गो-अनुसंधान केंद्र की गोशाला के दूध की तारीफ की और बैठक में शामिल लोगों को भी रुक-रुककर दूध पिलाया।
बैठक के दौरान शाम को दो चरणों में भोजन की व्यवस्था की गई थी। पहले बैठक में आमंत्रित 54 लोगों ने रोटी, सब्जी, दाल और रायते का सादा भोजन किया। इसके बाद व्यवस्था में जुटे जिला स्तर के पदाधिकारियों ने भोजन ग्रहण किया।
