याचिका सूचीबद्ध न होने पर वकील ने CJI सूर्यकांत पर उठाए सवाल बार के सदस्यों ने की अवमानना कार्रवाई की मांग

सुप्रीम कोर्ट में एक याचिका सूचीबद्ध नहीं होने से नाराज वकील ने मुख्य न्यायाधीश (CJI) जस्टिस सूर्यकांत की ईमानदारी और उनके पद पर बने रहने की योग्यता पर सवाल खड़े कर दिए। वकील की इस हरकत पर बार के कई सदस्यों ने कड़ी आपत्ति जताते हुए उनके खिलाफ अदालत की अवमानना की कार्रवाई शुरू करने की मांग की है।

दरअसल, दो नवंबर को सुप्रीम कोर्ट में दाखिल एक याचिका अब तक सुनवाई के लिए सूचीबद्ध नहीं हुई थी। इसी बात से नाराज वकील ने बिना पूर्व सूचना के अदालत में मामले का जिक्र करते हुए तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने सीजेआई जस्टिस सूर्यकांत के पद पर बने रहने की योग्यता पर भी सवाल उठा दिए।

टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, घटना उस समय हुई जब सुप्रीम कोर्ट की पीठ मोटर दुर्घटना मुआवजे से जुड़े कुछ मामलों की सुनवाई कर रही थी। इसी दौरान एक वकील ने कहा कि दो नवंबर को दाखिल की गई उनकी याचिका अभी तक सूचीबद्ध नहीं हुई है, जबकि इस संबंध में सीजेआई कार्यालय को पहले ही जानकारी दी जा चुकी है।

कोर्ट ने जताई आपत्ति

अदालत ने बिना पूर्व सूचना के इस तरह मामला उठाए जाने पर नाराजगी जताई। पीठ ने वकील को सलाह दी कि वह अपनी याचिका को जल्द सूचीबद्ध कराने के लिए रजिस्ट्रार को सूचित करें। इस पर वकील ने कहा कि वह पहले ही माफी मांग चुके हैं और अब केवल यह जानना चाहते हैं कि उनकी याचिका को सूचीबद्ध क्यों नहीं किया गया।

जब सीजेआई जस्टिस सूर्यकांत ने कहा कि वह इस मामले को देखेंगे तो वकील और नाराज हो गए। उन्होंने कहा कि वह इंतजार नहीं करेंगे। इसके बाद वकील ने सीजेआई से कहा कि वह उस कुर्सी पर बैठने के योग्य नहीं हैं और उनमें इस पद के लिए जरूरी ईमानदारी भी नहीं है।

याचिका सूचीबद्ध करने में CJI की सीधी भूमिका नहीं

मामले पर सुप्रीम कोर्ट रजिस्ट्री के एक अधिकारी ने स्पष्ट किया कि याचिकाओं को सूचीबद्ध करने की प्रक्रिया कोर्ट का सॉफ्टवेयर संचालित करता है। इसमें मुख्य न्यायाधीश की कोई विशेष भूमिका नहीं होती है।

अधिकारी के अनुसार, छह नवंबर से पहले भी कई याचिकाएं दाखिल की गई थीं। इसके बाद दिवाली की छुट्टियों के चलते सुप्रीम कोर्ट एक सप्ताह तक बंद रहा था।

वकील के इस व्यवहार पर बार के कुछ सदस्यों ने कड़ा विरोध जताया। उन्होंने सीजेआई से मुलाकात कर संबंधित वकील के खिलाफ अदालत की अवमानना की कार्यवाही शुरू करने का अनुरोध किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *