महिला हत्याकांड का 24 घंटे में खुलासा, मुठभेड़ में मुख्य आरोपी गिरफ्तार

महिला हत्याकांड का 24 घंटे में खुलासा, मुठभेड़ में मुख्य आरोपी गिरफ्तार
– अस्पताल के सीसीटीवी में मृतका के साथ दिखा था आरोपी
– रेलवे स्टेशन के पास घेराबंदी पर पुलिस टीम पर झोंका फायर; तमंचा, कारतूस बरामद
फोटो परिचय- घायल आरोपी को लेकर जाती पुलिस टीम।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। औंग थाना क्षेत्र में जंगल की झाड़ियों के बीच नग्न अवस्था में मिले महिला के शव की सनसनीखेज घटना का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। सर्विलांस व एसओजी की मदद से पुलिस ने हत्याकांड के मुख्य आरोपी परसू निषाद को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। 16/17 नवंबर की रात औंग रेलवे स्टेशन के पास खदरा रोड पर हुई मुठभेड़ में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी। घायल अवस्था में उसे पहले सीएचसी बिंदकी ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का देशी तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और 700 रुपये नकद बरामद किए हैं।

पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि महिला का शव मिलने के बाद परिजनों की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के अनावरण के लिए थाना औंग पुलिस के साथ एसओजी और सर्विलांस टीम को लगाया गया था। जांच के दौरान सामने आया कि मुख्य आरोपी परसू निषाद को एक अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज में मृतका के साथ देखा गया था। आसपास के लोगों ने भी आरोपी को 13 नवंबर को महिला के साथ देखने की बात बताई थी। इसके बाद से ही महिला लापता हो गई थी। इसी अहम सुराग के आधार पर पुलिस ने आरोपी की तलाश तेज कर दी। एसपी के मुताबिक 16/17 नवंबर की रात पुलिस टीम आरोपी की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान सूचना मिली कि परसू निषाद एक स्थान से निकलने वाला है।

पुलिस टीम ने औंग रेलवे स्टेशन के पास खदरा रोड पर घेराबंदी की तो आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लग गई और उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। एसपी ने बताया कि महिला की हत्या के पीछे क्या वजह रही और वारदात को किस तरह अंजाम दिया गया, इन बिंदुओं पर आरोपी से विस्तृत पूछताछ की जा रही है। मृतका की पोस्टमार्टम रिपोर्ट भी तैयार कराई जा रही है। पूछताछ व पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ औंग थाने में दर्ज मुकदमा संख्या 111/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *