दो राज्यों में पुलिस का महाभियान,सोलह दिन बाद भी नहीं खुला राज

     झाड़ियों में मिली महिला की लाश का सोलह दिन बाद भी नहीं खुला राज
– पहचान के लिए दो राज्यों में पुलिस का महाभियान
– एसपी ने उतारीं 22 विशेष टीमें, यूपी-एमपी के 15 जिलों में खंगाले जाएंगे सुराग
फोटो परिचय-  पुलिस टीमों को निर्देशित करते एसपी अभिमन्यु मांगलिक।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। ललौली थाना क्षेत्र में सड़क किनारे झाड़ियों के बीच खंती में मिली करीब 30 वर्षीय अज्ञात महिला की लाश की गुत्थी अब तक नहीं सुलझ सकी है। 16 दिन बीतने के बाद भी महिला की पहचान न होने पर पुलिस ने अब बड़े स्तर पर अभियान छेड़ दिया है। एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने महिला की शिनाख्त के लिए 22 विशेष पुलिस टीमों का गठन कर उत्तर प्रदेश व मध्य प्रदेश के 15 जनपदों में रवाना किया है। पुलिस की इस बड़ी कवायद से अब दूसरे जिलों तक भी महिला की पहचान के सुराग तलाशे जाएंगे।

गौरतलब है कि दो नवंबर को ललौली थाना क्षेत्र के कोर्रा कनक मोड़ से मुत्तौर रोड पर सड़क किनारे झाड़ियों के बीच स्थित खंती में करीब 30 वर्षीय अज्ञात महिला का शव बरामद हुआ था। सुनसान स्थान पर महिला की लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसकी पहचान कराने के प्रयास शुरू किए, लेकिन कई दिन गुजरने के बाद भी कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आ सकी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए बुधवार को पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने पुलिस लाइन स्थित सम्मेलन कक्ष में संबंधित अधिकारियों और पुलिस टीमों के साथ बैठक कर अब तक की कार्रवाई की समीक्षा की। इसके बाद 22 विशेष टीमों का गठन कर उन्हें यूपी और एमपी के 15 जनपदों में भेजा गया। टीमों को संबंधित क्षेत्रों में व्यापक प्रचार-प्रसार करने व अन्य आवश्यक माध्यमों से महिला की पहचान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। अब पुलिस की टीमें दूसरे जनपदों में भी महिला से जुड़े संभावित सुराग तलाशेंगी। पुलिस का मकसद महिला की पहचान कर उसके परिजनों तक पहुंचना है। फिलहाल सोलह दिन बाद भी अज्ञात महिला की पहचान का रहस्य बरकरार है और पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती उसकी शिनाख्त करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *