दरोगा पर महिला ने लगाया दुष्कर्म का आरोप,एसपी से लगाई न्याय की गुहार

   दरोगा पर महिला ने लगाया दुष्कर्म का आरोप
– एसपी से लगाई न्याय की गुहार
फोटो परिचय-  एसपी को शिकायती पत्र देने जाती पीड़िता।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र की एक महिला ने विवेचक दरोगा पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक से शिकायत की है। महिला ने दरोगा पर जबरन घर से उठाकर ले जाने, अभद्रता करने, सादे कागजों पर हस्ताक्षर कराने व दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने आरोपी दरोगा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कठोर कानूनी एवं विभागीय कार्रवाई किए जाने की मांग की है।


एसपी को दिए गए शिकायती पत्र में ग्राम सलेमपुर निवासी अंशु देवी पत्नी दिलीप कुमार ने बताया कि 24 जनवरी की रात उसकी ननद राधा देवी को ग्राम बघौली निवासी बीरन पुत्र अवध राम कथित रूप से अगवा कर ले गया था। इस मामले में 25 जनवरी को सुल्तानपुर घोष थाने में तहरीर दी गई, लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर न्यायालय के आदेश से 3 अप्रैल 2026 को मुकदमा संख्या 47/2026 धारा 87, 137(2) और 351(2) बीएनएस के तहत दर्ज हुआ। महिला का आरोप है कि मुकदमा दर्ज होने के बाद भी आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई, बल्कि विवेचक द्वारा मुकदमे में सुलह करने का दबाव बनाया जाता रहा। आरोप है कि 18 नवंबर को सुबह करीब 11 बजे विवेचक आरिस पाटिल उसके घर पहुंचे।

उस समय घर पर पति व ससुर मौजूद नहीं थे तथा उसकी छह माह की बच्ची भी घर पर थी। महिला के अनुसार, घर पर किसी के न होने की बात कहने के बावजूद दरोगा ने उसे जबरन गाड़ी में बैठाकर थाने पहुंचाया और अपने निजी आवास पर ले गए। वहां उसके साथ अभद्रता करते हुए मुकदमे में सुलह करने का दबाव बनाया गया। विरोध करने पर गाली-गलौज और जान से मारने व परिवार को फर्जी मुकदमे में जेल भेजने की धमकी दी गई। महिला ने शिकायती पत्र में दरोगा पर जबरन सादे कागजों पर हस्ताक्षर कराने और दुष्कर्म करने का भी गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से आरोपी दरोगा के विरुद्ध तत्काल प्राथमिकी दर्ज कराने, निष्पक्ष जांच कराकर कठोर दंडात्मक एवं विभागीय कार्रवाई किए जाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *