देवउठनी एकादशी पर बाजारों में उमड़ी भीड़, गन्ना-सिंघाड़ा और मौसमी सब्जियों की जमकर हुई बिक्री

   देवउठनी एकादशी पर बाजारों में उमड़ी भीड़, गन्ना-सिंघाड़ा और मौसमी सब्जियों की जमकर हुई बिक्री

एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। देवउठनी एकादशी का पर्व शुक्रवार को जिलेभर में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। पर्व को लेकर सुबह से ही शहर के बाजारों और प्रमुख चौराहों पर रौनक देखने को मिली।
वहीं भगवान विष्णु की पूजा-अर्चना के लिए लोगों ने पूजन सामग्री, फल, फूल और विभिन्न प्रकार की सब्जियों की जमकर खरीदारी की। सुबह से ही बाजारों में ग्राहकों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई, जो देर तक बनी रही। शहर के प्रमुख मार्गों से लेकर मोहल्लों और कस्बों तक जगह-जगह सड़क किनारे दुकानें सजाई गई थीं। देवउठनी एकादशी पर पूजा में इस्तेमाल होने वाली वस्तुओं की विशेष मांग रही। बाजारों में पालक, मूली, बैंगन, चना का साग, गन्ना और सिंघाड़ा की जमकर बिक्री हुई। खासकर गन्ना और सिंघाड़ा खरीदने के लिए लोगों की भीड़ लगी रही। वहीं चना का साग, पालक और बैंगन की दुकानों पर भी ग्राहकों की अच्छी खासी संख्या देखने को मिली। दुकानदारों ने सड़कों के किनारे और बाजारों में जगह-जगह दुकानें लगाकर सामान की बिक्री की। पर्व के चलते सुबह से शाम तक बाजारों में चहल-पहल बनी रही और दुकानदारों के चेहरे भी खिले नजर आए। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार देवउठनी एकादशी के दिन भगवान विष्णु चार महीने की योगनिद्रा के बाद जागते हैं। इसी के साथ चातुर्मास समाप्त हो जाता है और हिंदू धर्म में मांगलिक कार्यों की शुरुआत मानी जाती है। इस दिन घरों में भगवान विष्णु की पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की जाती है। कई स्थानों पर तुलसी विवाह का आयोजन भी किया जाता है। देवउठनी एकादशी के पर्व को लेकर जिले के मंदिरों में भी श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *