80 प्रतिशत दिव्यांग को तीन साल बाद भी नहीं मिला आवासीय पट्टे का कागज

 80 प्रतिशत दिव्यांग को तीन साल बाद भी नहीं मिला आवासीय पट्टे का कागज, मुख्यमंत्री से लगाई न्याय की गुहार

एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। बिंदकी/फतेहपुर। जिले के एक 80 प्रतिशत दिव्यांग व्यक्ति ने आवासीय भूमि का पट्टा मिलने के बावजूद अब तक लिखित दस्तावेज न मिलने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से न्याय की गुहार लगाई है। पीड़ित का आरोप है कि पिछले तीन वर्षों से अधिकारी उसे आश्वासन दे रहे हैं, लेकिन अब तक उसे आवासीय भूमि से संबंधित कागजात नहीं मिल सके हैं।

पीड़ित कल्लू कुमार पुत्र बाबूराम निवासी ग्राम अरईपुर घेरावा, विकासखंड खजुहा ने शिकायती पत्र में बताया कि तत्कालीन जिलाधिकारी के आदेश पर 4 नवंबर 2023 को उसके नाम आवासीय भूमि का पट्टा स्वीकृत किया गया था। इसके बाद 7 जनवरी 2024 को अमौली मोड़ पर लेखपाल, कानूनगो और ग्राम प्रधान की मौजूदगी में जमीन की नापजोख भी कराई गई थी।

इसके बावजूद उसे अभी तक आवासीय भूमि का लिखित कागज नहीं दिया गया। उसका कहना है कि जमीन से संबंधित फाइल चार बार तैयार हो चुकी है, लेकिन हर बार उसे केवल आश्वासन ही मिला। पीड़ित के मुताबिक वह वर्ष 2020 से अकेले रह रहा है। माता-पिता और परिवार का कोई सहारा नहीं है। 20 मार्च 2024 को उसका नाम माता-पिता के परिवार रजिस्टर से भी हटा दिया गया था। इसके बावजूद उसे आवासीय सुविधा का लाभ नहीं मिल सका। खजुहा ब्लॉक के अधिकारी उससे जमीन की लिखित रसीद मांग रहे हैं, जबकि उसके पास संबंधित दस्तावेज उपलब्ध नहीं हैं। कल्लू कुमार ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मांग की है कि उसे आवासीय भूमि का लिखित दस्तावेज उपलब्ध कराने के साथ आवास योजना का लाभ दिलाया जाए, ताकि वह सम्मानपूर्वक जीवनयापन कर सके। उसका कहना है कि यदि उसे न्याय नहीं मिला तो वह लखनऊ स्थित मुख्यमंत्री आवास पहुंचकर अपनी पीड़ा सुनाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *