फाइलेरिया उन्मूलन अभियान का शुभारंभ, 18 ई-रिक्शा से होगा जागरूकता अभियान

 फाइलेरिया उन्मूलन अभियान का शुभारंभ, 18 ई-रिक्शा से होगा जागरूकता अभियान
विधायक विकास गुप्ता स्वयं दवा खाकर किया अभियान का शुभारंभ
सात दिसंबर तक खिलाई जाएगी फाइलेरिया रोधी दवा
अमौली, विजयीपुर, खागा और तेलियानी ब्लॉक के साथ शहरी क्षेत्र में भी होगा माइकिंग से प्रचार-प्रसार
फतेहपुर, 19 नवंबर 2026।
जनपद को फाइलेरिया (हाथीपांव) मुक्त बनाने के उद्देश्य से गुरुवार को सरदार वल्लभ भाई पटेल सभागार (प्रेक्षागृह) में फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। मुख्य अतिथि विधायक विकास गुप्ता ने फाइलेरिया रोधी दवा का सेवन कर अभियान का उद्घाटन किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक विकास गुप्ता ने कहा कि फाइलेरिया गंभीर बीमारी है, लेकिन समय पर दवा का सेवन करके इससे बचाव किया जा सकता है। उन्होंने और यहाँ पर लगभग सभी लोगों ने दवा का सेवन किया है और सभी स्वस्थ है | इसलिए दवा को लेकर कोई भ्रम न पालें उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि वे स्वास्थ्य विभाग की टीमों का सहयोग करें और स्वयं के साथ अपने परिवार के सभी पात्र सदस्यों को भी दवा का सेवन कराएं, ताकि जनपद को फाइलेरिया मुक्त बनाने में योगदान दिया जा सके।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. यू बी सिह ने बताया कि अभियान जनपद के 11 ब्लॉक अमोली, असोथर, धाता, देवमई, हसवा, खजुवा, खागा, तेलियानी, नगर क्षेत्र, भिटौरा और विजईपुर में एमडीए अभियान चलेगा | चलेगा जिसके तहत 7 दिसंबर तक स्वास्थ्य कर्मी घर-घर जाकर और निर्धारित बूथों के माध्यम से पात्र लोगों को अपने सामने ही फाइलेरिया रोधी दवा खिलाएंगे। अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक पात्र लोगों तक दवा पहुंचाना और उनका शत-प्रतिशत दवा सेवन सुनिश्चित करना है।
उन्होंने बताया कि जन-जागरूकता बढ़ाने के लिए पीसीआई इंडिया के सहयोग से जनपद के पांच चिह्नित क्षेत्रों में 18 ई-रिक्शा के माध्यम से माइकिंग कराई जा रही है। इसके तहत अमौली, विजयीपुर, खागा और तेलियानी ब्लॉक में नौ दिनों तक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। वहीं, शहरी क्षेत्र में 14 दिनों तक लगातार माइकिंग होगी। ई-रिक्शा गांवों और गली-मोहल्लों में जाकर लोगों को फाइलेरिया से बचाव और दवा सेवन के महत्व के बारे में जागरूक करेंगे। मुख्य चिकित्सा अधिकारी अभियान में स्वास्थ्य विभाग की टीमों का सहयोग करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि अभियान की सफलता सामुदायिक सहभागिता पर आधारित है | इस बार अभियान में प्रवासी, दवा सेवन से इंकार करने वाले और अब तक दवा स्वयं न करने वाले (नेवर टेकन ) पर विशेष जोर रहेगा |
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि दवा सेवन के बाद यदि चक्कर और उलटी जैसी प्रतिक्रियाँ होती हैं तो घबराए नहीं | यह स्वतः ठीक हो जाएंगी | इन प्रतिक्रियाओं का तात्पर्य है कि शरीर में फाइलेरिया के परजीवी थे और दवा सेवन के बाद उनके मरने के परिणामस्वरूप यह प्रतिक्रियाएं हुई है | यदि दिक्कत ज्यादा हो तो आशा कार्यकर्ता से संपर्क करें | इसके प्रबंधन के लिए सीएचसी पर आरआरटी गठित की गई हैं |
इस अवसर पर नोडल अधिकारी डॉ. इश्तियाक अहमद, जिला मलेरिया अधिकारी कीर्ति रंजन , जिला विकास अधिकारी साधना दीक्षित, जिला विद्यालय निरीक्षक राकेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, वेक्टर जनित रोग नियंत्रण (वीबीडी) स्टाफ, सहयोगी संस्थाओं विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ), पीसीआई इंडिया और पाथ के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे और सभी ने दवा का सेवन किया |

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *