ईवीएम से मतदान प्रक्रिया समझ रहे मतदाता, डीएम ने खागा में लिया जायजा

    ईवीएम से मतदान प्रक्रिया समझ रहे मतदाता, डीएम ने खागा में लिया जायजा
– हुसैनगंज व खागा विधानसभा क्षेत्र में चल रहा प्रशिक्षण
– गांव-गांव तक पहुंचकर मतदाताओं को दी जाएगी जानकारी
फोटो परिचय-  खागा तहसील परिसर में प्रशिक्षण का जायजा लेतीं डीएम।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। विधानसभा सामान्य निर्वाचन 2027 को निष्पक्ष, पारदर्शी और सकुशल संपन्न कराने की तैयारियों के बीच निर्वाचन विभाग ने मतदाताओं को मतदान प्रक्रिया से परिचित कराने की पहल तेज कर दी है। शनिवार को तहसील खागा परिसर में हुसैनगंज विधानसभा क्षेत्र 242 व खागा विधानसभा क्षेत्र 243 के लिए आयोजित ईवीएम एवं वीवीपैट प्रशिक्षण व जागरूकता कार्यक्रम का जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने जायजा लिया। नागरिकों ने स्वयं ईवीएम के माध्यम से मतदान करने की प्रक्रिया का अभ्यास कर तकनीकी जानकारी हासिल की।

जिलाधिकारी ने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक पात्र मतदाता को ईवीएम के माध्यम से मतदान करने की प्रक्रिया से भलीभांति परिचित कराना है, ताकि आगामी विधानसभा चुनाव में कोई भी मतदाता जानकारी के अभाव में मतदान से वंचित न रहे। उन्होंने बताया कि यह प्रशिक्षण एवं जागरूकता अभियान जनपद, तहसील और ग्राम स्तर तक संचालित किया जाएगा, जिससे अधिक से अधिक लोगों तक मतदान संबंधी जानकारी पहुंचाई जा सके। उन्होंने निर्वाचन कार्य से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि प्रशिक्षण और जागरूकता कार्यक्रम को पूरी गंभीरता, संवेदनशीलता एवं जिम्मेदारी के साथ संपन्न कराएं। मतदाताओं को ईवीएम और वीवीपैट के उपयोग की जानकारी व्यावहारिक रूप से दी जाए, ताकि वे मतदान प्रक्रिया को समझकर लोकतंत्र के महापर्व में सक्रिय भागीदारी निभा सकें। जिलाधिकारी ने कहा कि जागरूक मतदाता ही मजबूत लोकतंत्र की आधारशिला हैं। इस मौके पर उपजिलाधिकारी खागा, तहसीलदार, पुलिस क्षेत्राधिकारी, नायब तहसीलदार सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *