मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए डीएम को सौंपा ज्ञापन,वकीलों में उबाल

अधिवक्ता गयादीन अहिरवार हत्याकांड पर वकीलों में उबाल, मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए डीएम को सौंपा ज्ञापन

कालपी बार एसोसिएशन ने पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की उठाई मांग, शीघ्र न्याय दिलाने की अपील

दीपक धुरिया अज़रा न्यूज़ –  कालपी, जालौन। बार संघ अध्यक्ष गयादीन अहिरवार की अपहरण के बाद हुई हत्या का मामला अब अधिवक्ताओं के बीच आक्रोश का विषय बन गया है। घटना को लेकर कालपी के अधिवक्ताओं ने एकजुट होकर प्रशासन के सामने अपनी मांगें रखीं। कालपी बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों एवं अधिवक्ताओं ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर हत्याकांड में शामिल मुख्य आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की। अधिवक्ताओं का कहना है कि बार संघ अध्यक्ष की अपहरण के बाद हत्या किए जाने की घटना बेहद गंभीर है। इस मामले में अब तक पांच आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, लेकिन मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी न होने से अधिवक्ताओं में नाराजगी बनी हुई है। ज्ञापन के माध्यम से वकीलों ने प्रशासन से मांग की कि फरार मुख्य आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर उसके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही मृतक अधिवक्ता के परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए शासन-प्रशासन से उचित आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की भी मांग उठाई गई। अधिवक्ताओं ने स्पष्ट किया कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए मामले में प्रभावी कार्रवाई जरूरी है। उन्होंने प्रशासन से हत्याकांड की गंभीरता को देखते हुए जल्द से जल्द शेष आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने की अपील की। ज्ञापन सौंपने के दौरान अधिवक्ताओं ने एकजुटता दिखाते हुए पीड़ित परिवार को न्याय और सुरक्षा दिलाने की मांग उठाई। अब इस मामले में प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर अधिवक्ताओं और स्थानीय लोगों की नजरें टिकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *