शिक्षाविद की स्मृति में 52 मेधावी छात्राएं सम्मानित,11 बेटियों की शिक्षा का जिम्मा

 शिक्षाविद की स्मृति में 52 मेधावी छात्राएं सम्मानित
– 11 बेटियों की शिक्षा का जिम्मा उठाएंगे डॉ. अनुराग
फोटो परिचय- मेधावी छात्राओं को सम्मानित करते डा. अनुराग श्रीवास्तव।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। शिक्षा के क्षेत्र में 41 वर्षों तक अपनी सेवाएं देकर छात्राओं का भविष्य संवारने वालीं स्मृतिशेष शिक्षाविद पद्मिनी श्रीवास्तव की प्रथम पुण्यतिथि पर शनिवार को श्री निरंकारी बालिका इंटर कॉलेज में मेधा अलंकरण समारोह आयोजित किया गया। पुत्र डॉ. अनुराग श्रीवास्तव द्वारा आयोजित समारोह में हाईस्कूल परीक्षा में प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण 52 छात्राओं को प्रतीक चिह्न एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय परिसर में मां सरस्वती एवं श्री नागा निरंकारी संत जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण और शाल अर्पित कर किया गया। इसके बाद स्मृतिशेष पद्मिनी श्रीवास्तव की प्रतिमा पर विद्यालय के उपप्रबंधक, कोषाध्यक्ष एवं सेवानिवृत्त शिक्षिकाओं ने माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। डॉ. अनुराग श्रीवास्तव एवं उनके परिवार के सदस्यों ने विद्यालय की सेवानिवृत्त शिक्षिकाओं को मोतियों की माला और शाल भेंटकर सम्मानित किया। इसके बाद यूपी बोर्ड की वर्ष 2025-26 की हाईस्कूल परीक्षा में प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण 52 छात्राओं को मेधा सम्मान प्रदान किया गया। उन्होंने घोषणा की कि यह सम्मान समारोह प्रत्येक वर्ष आयोजित किया जाएगा और मेधावी छात्राओं को स्मृतिशेष शिक्षाविद पद्मिनी श्रीवास्तव मेधा सम्मान से अलंकृत किया जाएगा। इसके साथ ही आर्थिक रूप से कमजोर 11 बालिकाओं की शिक्षा का पूरा खर्च उठाया जाएगा, ताकि आर्थिक अभाव किसी भी बेटी की पढ़ाई में बाधा न बन सके। समारोह में विद्यालय की प्रधानाचार्या, शिक्षिकाओं के अलावा वर्षा श्रीवास्तव, दीपिका श्रीवास्तव, ऐश्वर्या श्रीवास्तव एडवोकेट, सुरेश श्रीवास्तव एवं अभिनव श्रीवास्तव सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *