आदर्श दाम्पत्य जीवन हो तो ब्रह्मा को भी बना सकते पुत्र: पं. श्याम
आदर्श दाम्पत्य जीवन हो तो ब्रह्मा को भी बना सकते पुत्र: पं. श्याम
आदर्श दाम्पत्य जीवन हो तो ब्रह्मा को भी बना सकते पुत्र: पं. श्याम
– कथा में आदर्श माता-पिता व श्रेष्ठ संतान के महत्व पर दिया संदेश
फोटो परिचय- कथा में प्रवचन करते पं. श्याम जी मनावत। एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। विद्या भारती द्वारा मार्गदर्शित सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज वीआईपी रोड में मंगलवार को पांच दिवसीय समर्थ शिशु श्रीराम कथा का शुभारंभ दीप प्रज्जवलन के साथ हुआ। कथा व्यास परम पूज्य पंडित श्याम जी मनावत ने प्रथम दिन आदर्श दाम्पत्य जीवन, श्रेष्ठ संतान और परिवार के संस्कारों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि सह प्रांत प्रचारक कानपुर प्रांत मुनीश, प्रदेश निरीक्षक अयोध्या प्रसाद, प्रबंधक राकेश, विभाग प्रचारक शिवशंकर, रजनीश, सह प्रबंधक रमाशंकर गुप्ता, सरस्वती शिशु मंदिर चौक की प्रधानाचार्या वर्षा, सरस्वती विद्या मंदिर बिंदकी के प्रधानाचार्य बलराम, मुख्य यजमान अनूप अग्रवाल, विभाग कार्यवाह ज्ञानेन्द्र सिंह, डॉ. अनुराग श्रीवास्तव सहित प्रबंध समिति के सदस्य उपस्थित रहे। अतिथियों का परिचय एवं सम्मान विद्यालय के प्रधानाचार्य विक्रम बहादुर सिंह ने कराया। सह प्रांत प्रचारक मुनीश ने श्रीराम कथा के माध्यम से समाज कल्याण और संस्कारों के महत्व पर अपने विचार रखे। कथा व्यास पंडित श्याम जी मनावत ने कहा कि महाराज मनु ने परमात्मा को पुत्र के रूप में प्राप्त करने का आशीर्वाद हासिल किया था। इसी प्रकार महाराज दशरथ व माता कौशल्या, महाराज वासुदेव, देवकी तथा महर्षि कश्यप और अदिति ने भी परमात्मा को पुत्र रूप में प्राप्त किया। इनका आदर्श दाम्पत्य जीवन इस बात का प्रमाण है कि पति-पत्नी के बीच श्रद्धा और विश्वास का संबंध हो तो जीवन में असाधारण उपलब्धियां प्राप्त की जा सकती हैं। उन्होंने कहा कि कोई व्यक्ति संसार को बड़े-बड़े मकान देकर जाता है, कोई बड़ी दुकानें और कोई विज्ञान के उन्नत उपकरण देता है, लेकिन धन्य हैं महारानी कौशल्या व महाराज दशरथ, जो संसार को भगवान श्रीराम देकर गए। उन्होंने आदर्श दाम्पत्य जीवन की व्याख्या करते हुए कहा कि परमात्मा को पुत्र रूप में प्राप्त करना जीवन की सबसे बड़ी उपलब्धि है। इसके लिए परिवार में आदर्श पिता और आदर्श माता का होना आवश्यक है। पति-पत्नी के रिश्ते में परस्पर श्रद्धा, विश्वास व समर्पण होना चाहिए। कथा के प्रथम दिन श्रद्धालुओं एवं गणमान्य लोगों की उपस्थिति रही।