कैबिनेट मंत्री समेत जनप्रतिनिधियों ने नवदंपतियों को दिया आशीर्वाद
कैबिनेट मंत्री समेत जनप्रतिनिधियों ने नवदंपतियों को दिया आशीर्वाद
सामूहिक विवाह में बीस जोड़ों ने थामा एक-दूजे का हाथ
– वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सात फेरों के साथ रचाई शादी
– कैबिनेट मंत्री समेत जनप्रतिनिधियों ने नवदंपतियों को दिया आशीर्वाद
फोटो परिचय- नवंदपतियों को आशीर्वाद देते जनप्रतिनिधि। एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज अमौली, फतेहपुर। विकास खण्ड के बुढ़वा गांव स्थित ब्रह्मदेव सरकार आश्रम में आयोजित 17वां सर्वजातीय सामूहिक विवाह समारोह मंगलवार को सम्पन्न हुआ। धर्म संस्कार महोत्सव, श्री विष्णु महायज्ञ और मेले के बीच आयोजित समारोह में बीस जोड़ों ने एक-दूसरे का हाथ थामकर जीवनभर साथ निभाने की कसमें खाईं। वैदिक मंत्रोच्चार, मंगलगीतों और धार्मिक अनुष्ठानों से पूरा आश्रम परिसर भक्तिमय नजर आया।
समारोह में जयमाला की रस्म आकर्षण का केंद्र रही। जैसे ही वर-वधुओं ने एक-दूसरे को जयमाला पहनाई, पूरा परिसर रघुवर कोमल कमल नयन को पहनाओ जयमाला गीत से गूंज उठा। इसके बाद सभी जोड़े अपने-अपने विवाह मंडप में पहुंचे, जहां पुरोहितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विवाह की रस्में विधि-विधान से सम्पन्न कराईं। सात फेरों के साथ सभी बीस जोड़े वैवाहिक बंधन में बंध गए। इस दौरान वर-वधुओं के परिजनों और मौजूद लोगों ने नवदंपतियों को आशीर्वाद देकर उनके सुखमय दांपत्य जीवन की कामना की। विवाह की सभी रस्में पूरी होने के बाद भव्य भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें अतिथियों और क्षेत्रीय लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।
इसके बाद विदाई की रस्म भावुक माहौल में सम्पन्न हुई। आयोजकों की ओर से सभी नवदंपतियों को नई गृहस्थी बसाने के लिए बेड, अलमारी, गद्दा, श्रृंगारदान, बॉक्स, तकिया, बर्तन, कपड़े सहित दैनिक उपयोग की तमाम आवश्यक वस्तुएं उपहार स्वरूप भेंट की गईं। मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री राकेश सचान रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में विधायक जय कुमार सिंह जैकी, विधायक राजेंद्र पटेल शामिल हुए। जनप्रतिनिधियों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए आयोजकों के प्रयासों की सराहना की। आयोजक विमलेश त्रिवेदी ने समारोह में आए सभी लोगों का आभार व्यक्त किया। इस मौके पर ब्लॉक प्रमुख सुशीला सिंह, इंद्रजीत सिंह, अरविंद उमराव, श्रीकांत उत्तम, विवेक उत्तम, सोमदत्त पांडेय, राकेश यादव, रामआसरे अवस्थी, प्रमोद सचान, डॉ. पुष्पेंद्र सैनी, प्रशांत अवस्थी, चंदन सचान, भक्त कुटार सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक व क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।