बेटी की विदाई से पहले समिति ने संजोए खुशियों के पल
फोटो परिचय- (4) बेटी के विवाह में गृहस्थी व राशन का सामान सौंपते समिति के पदाधिकारी।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। बेटी की शादी में आर्थिक तंगी खुशियों के आड़े न आए, इसके लिए भोजन जन सेवा समिति उत्तर प्रदेश ने मानवता और सेवा की मिसाल पेश की। समिति ने शहर के एक निराश्रित परिवार की बेटी के विवाह में न केवल गृहस्थी का जरूरी सामान भेंट किया, बल्कि करीब सौ मेहमानों के भोजन की व्यवस्था कर परिवार की जिम्मेदारी भी साझा की। समिति के इस सहयोग को देखकर बेटी की मां भावुक हो उठीं और उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े।

मंगलवार को समिति की ओर से बेटी को सिंगल बेड, बेडशीट, बड़ा बक्सा, गद्दा, गैस सिलेंडर, बड़ा गैस चूल्हा, प्रेस, ड्राई फ्रूट सेट, बर्तन, स्टील की टंकी, पांच साड़ियां, कप सेट, केसरोल, पानी की बोतल, हाथ घड़ी, लेडीज हैंड पर्स, श्रृंगार सामग्री, आर्टिफिशियल ज्वेलरी और मेकअप का सामान सहित गृहस्थी की तमाम जरूरी वस्तुएं उपहार स्वरूप भेंट की गईं। इसके अलावा विवाह में शामिल होने वाले लगभग 100 मेहमानों के लिए छोले की सब्जी, सूखी सब्जी, पूड़ी, कचौड़ी, पुलाव और मिठाई की व्यवस्था भी समिति ने कराई। बेटी की नई गृहस्थी के लिए इतना सामान व परिवार के प्रति अपनापन देखकर मां अपने आंसू नहीं रोक सकीं। वहां मौजूद लोगों के लिए भी यह पल भावुक कर देने वाला रहा।

समिति के पदाधिकारियों और सहयोगियों ने बेटी को आशीर्वाद देते हुए उसके सुखमय वैवाहिक जीवन की कामना की। समिति के संस्थापक कुमार शेखर ने कहा कि जरूरतमंद बेटी के विवाह में सहयोग करना महज सेवा कार्य नहीं, बल्कि एक परिवार की जिम्मेदारी को अपना समझकर निभाना है। समिति का प्रयास है कि आर्थिक अभाव के चलते किसी बेटी की खुशियां अधूरी न रहें और उसकी विदाई सम्मान व खुशियों के साथ हो सके। इस पुनीत कार्य में कुमार शेखर, हरिशंकर लाला, मनीष केसरवानी, सुरेश माली, कैलाश गुप्ता, सागर कुमार, रानू केसरवानी, यतीश रायजादा, शैलेश साहू, नीरज तिवारी, दीपक अग्रहरी, जीतू हयारण, राजकपूर, रीता सिंह तोमर, साधना चौरसिया, सोनम भास्कर, उर्मिला वर्मा एवं वैशाली राय का विशेष सहयोग रहा।
