गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व पर गुरबाणी से गूंजा गुरुद्वारा साहिब
गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व पर गुरबाणी से गूंजा गुरुद्वारा साहिब
गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व पर गुरबाणी से गूंजा गुरुद्वारा साहिब – सेवा व भाईचारे का दिया संदेश, लंगर में उमड़े लोग
फोटो परिचय- गुरूद्वारा परिसर में आयोजित लंगर का प्रसाद ग्रहण करते श्रद्धालु। एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। जब दुनिया भेदभाव, ऊंच-नीच और नफरत की दीवारों में बंटी थी, तब जगत गुरु श्री गुरु नानक देव जी ने प्रेम, समानता, मानवता और आपसी भाईचारे का ऐसा संदेश दिया, जिसने पूरी दुनिया को इंसानियत की राह दिखाई। उन्हीं महान गुरु के 557वें प्रकाश पर्व पर मंगलवार को शहर के गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा में श्रद्धा, भक्ति व उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। गुरबाणी के मधुर शबद-कीर्तन से गुरुद्वारा साहिब का वातावरण भक्तिमय हो उठा। संगत ने गुरु दरबार में मत्था टेककर गुरु साहिब का आशीर्वाद प्राप्त किया और उनके बताए आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
प्रबंधक कमेटी की अगुवाई में आयोजित प्रकाश पर्व पर साप्ताहिक पाठ की समाप्ति, कीर्तन दरबार एवं गुरु प्रसाद की सेवा का आयोजन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में सिख समुदाय के श्रद्धालुओं ने शामिल होकर गुरु नानक देव जी के प्रति अपनी श्रद्धा और आस्था प्रकट की। कार्यक्रम में ज्ञानी प्रीतम सिंह ने गुरु नानक देव के जीवन, उनके ऐतिहासिक योगदान व महान शिक्षाओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गुरु साहिब ने पूरी मानवता को एक समान मानने का संदेश दिया। उन्होंने समाज में व्याप्त भेदभाव, ऊंच-नीच और जाति-पाति की कुरीतियों से ऊपर उठकर प्रेम, सद्भाव व भाईचारे के साथ जीवन जीने की प्रेरणा दी। गुरु नानक देव की शिक्षाएं केवल किसी एक समुदाय के लिए नहीं, बल्कि संपूर्ण मानव समाज के कल्याण का मार्ग प्रशस्त करती हैं।
उन्होंने संगत को गुरु साहिब के तीन मूल सिद्धांतों नाम जपो, किरत करो और वंड छको को जीवन में आत्मसात करने का संदेश दिया। जतिंदर पाल सिंह ने भी गुरु नानक देव जी के जीवन प्रसंगों और उनके महान उपदेशों पर विस्तार से चर्चा करते हुए संगत को उनके बताए मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित किया। गुरूद्वारा साहिब में विशाल लंगर का आयोजन हुआ। जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने पंक्ति में बैठकर लंगर का प्रसाद ग्रहण किया। इस मौके पर जतिंदर पाल सिंह, लाभ सिंह, परमजीत सिंह, परविंदर सिंह, गुरमीत सिंह, नरिंदर सिंह, जसवीर सिंह, पपिंदर सिंह, सतपाल सिंह, सरन पाल सिंह सन्नी, वरिंदर सिंह, सुरिंदर सिंह, हरमंगल सिंह, मंजीत सिंह, ग्रेटी, किंग, बंटी, तरन, कंवलजीत सिंह, अनमोल सिंह, चरणजीत सिंह सहित हरजीत कौर, गुरप्रीत कौर, ईशर कौर, हरविंदर कौर, कुलवीर सिंह, रंजीत कौर, गुरचरण कौर, मंजीत कौर, खुशी, प्रभजस, गगनवीर सिंह एवं जसकीरत सिंह उपस्थित रही।