सिद्धपीठ श्री कालिका माता मंदिर का मनाया वार्षिकोत्सव,श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी रही

सिद्धपीठ श्री कालिका माता मंदिर का मनाया वार्षिकोत्सव
– हवन-पूजन, सांस्कृतिक कार्यक्रमों व विशाल भंडारे में उमड़े श्रद्धालु
फोटो परिचय- हवन कुंड में आहुतियां डालकर सुख-समृद्धि की कामना करते विधायक व अन्य।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। प्रसिद्ध सिद्धपीठ श्री कालिका माता मंदिर का वार्षिकोत्सव धार्मिक श्रद्धा व उल्लास के साथ धूमधाम से संपन्न हुआ। उत्सव के दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल से सराबोर रहा। सुबह से ही माता रानी के दर्शन व पूजन-अर्चन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी रही।

सदर विधायक चंद्र प्रकाश लोधी अपने परिवार के साथ मंदिर पहुंचे और माता रानी के दरबार में विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया। इसके बाद उन्होंने हवन कुंड में आहुतियां डालकर सुख-समृद्धि की कामना की तथा श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया। सभी ने माता कालिका से क्षेत्र की सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। वार्षिकोत्सव के अवसर पर मंदिर प्रांगण में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया। स्थानीय कलाकारों ने भक्ति गीतों व मनमोहक प्रस्तुतियों के माध्यम से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। पूरा मंदिर परिसर माता रानी के जयकारों और भक्ति गीतों से गूंजता रहा। कार्यक्रम के समापन पर विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पंगत में बैठकर प्रसाद ग्रहण किया।

आयोजन समिति की ओर से श्रद्धालुओं एवं अतिथियों का स्वागत करते हुए सभी के प्रति आभार व्यक्त किया गया। उत्सव को सकुशल संपन्न कराने के लिए सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं के विशेष इंतजाम किए गए थे। इस मौके पर राहुल लोधी, रवीन्द्र यादव, रेनू लोधी, ज्योति लोधी, सोनू गुप्ता, राजन गुप्ता, लाल जी यादव, जीतू मल्होत्रा, अभय कालिका जोशी, दीपक साहू, किशन यादव, आनन्द श्रीवास्तव, अशोक कश्यप, अवधेश यादव सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग एवं श्रद्धालु मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *