शिवहरे फार्मेसी पर हिमशंकर विजय तेल के अवैध निर्माण का दावा

 निरस्त लाइसेंस के बावजूद आयुर्वेदिक तेल की बिक्री का आरोप
– शिवहरे फार्मेसी पर हिमशंकर विजय तेल के अवैध निर्माण का दावा
– जांच में मामला सही मिला तो होगी कार्रवाई: आयुर्वेद अधिकारी
फोटो परिचय-  हिमशंकर विजय तेल।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। जिले में आयुर्वेदिक तेल के कथित अवैध निर्माण व बिक्री का मामला सामने आया है। बहुआ स्थित शिवहरे फार्मेसी पर हिमशंकर विजय तेल का निर्माण व विभिन्न जिलों में बिक्री किए जाने का आरोप लगाया गया है। इस संबंध में चित्रकूट के रामघाट स्थित तपसी सेवा आश्रम फार्मेसी ने क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी को शिकायती पत्र भेजकर मामले की जांच व दोषी पाए जाने पर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में फार्मेसी का लाइसेंस निरस्त होने के बावजूद उत्पादन और बिक्री जारी रहने का दावा किया गया है।

शिकायती पत्र के मुताबिक शिवहरे फार्मेसी का लाइसेंस संख्या ए-1745/89 निरस्त किया जा चुका है। इसके बावजूद फतेहपुर, चित्रकूट समेत उत्तर प्रदेश के अन्य जनपदों में हिमशंकर विजय तेल की बिक्री किए जाने का आरोप है। तपसी सेवा आश्रम फार्मेसी का दावा है कि उक्त तेल उसके स्वीकृत उत्पादों में शामिल है। इसके ट्रेडमार्क, कॉपीराइट व पेटेंट योग से संबंधित अधिकार उसके पास हैं।

शिकायतकर्ता ने आशंका जताई है कि बिना वैध अनुमति के इस नाम से उत्पाद का निर्माण और बिक्री किए जाने से नियमों का उल्लंघन हो रहा है। फार्मेसी की ओर से अधिकारियों से संबंधित निर्माण एवं बिक्री स्थल का भौतिक सत्यापन कराने तथा शिकायत में लगाए गए आरोप सही पाए जाने पर संबंधित फर्म के खिलाफ विधिक कार्रवाई करने की मांग की गई है। मामले में क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी रईस अहमद सिद्दीकी ने बताया कि संबंधित स्थान पर विभाग की ओर से दो बार जांच की जा चुकी है। जांच के दौरान वहां निर्माण होता नहीं पाया गया था। उन्होंने कहा कि यदि इसके बावजूद अवैध रूप से तेल का निर्माण किया जा रहा है तो यह गलत है। शिकायत में लगाए गए आरोप सही पाए जाने पर निश्चित रूप से कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *