बॉलीवुड की पार्टियों से दूर क्यों रहती हैं अदा शर्मा? अभिनेत्री बोलीं- मुझे आलोचकों से डर नहीं, अपने काम पर ध्यान देना पसंद

मुंबई: बॉलीवुड अभिनेत्री अदा शर्मा ने फिल्म इंडस्ट्री की पार्टियों और इवेंट्स से दूरी बनाए रखने की वजह बताई है। उनका कहना है कि उन्हें पार्टियों में जाना पसंद नहीं है और ऐसे माहौल में वह सहज महसूस नहीं करतीं। वह अपनी ऊर्जा सामाजिक आयोजनों में खर्च करने के बजाय अपने काम पर लगाना पसंद करती हैं। अभिनेत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि उन्हें आलोचनाओं से डर नहीं लगता और वह लोगों की प्रतिक्रियाओं को अपने करियर का अहम हिस्सा मानती हैं।

अदा शर्मा ने बताया कि उनका स्वभाव अंतर्मुखी है। उन्हें रेड कारपेट, फिल्मी पार्टियों और अन्य आयोजनों में शामिल होने के बजाय अपने निजी स्पेस में रहना अच्छा लगता है। उन्होंने कहा कि पार्टी और इवेंट्स में जाने से उन्हें थकान महसूस होती है। इसलिए वह इनसे दूर रहकर अपने काम पर ध्यान केंद्रित करती हैं।

सोशल मीडिया पर खुलकर रखती हैं अपनी बात

अभिनेत्री का कहना है कि वह सोशल मीडिया पर अपनी बात खुलकर रखती हैं, लेकिन फिल्मी पार्टियों में जाने को लेकर उन्हें कोई विशेष उत्साह नहीं रहता। उन्हें इस बात का भी डर नहीं है कि कहीं वह किसी बड़े आयोजन या मौके को मिस न कर दें। उनके लिए सेट पर जाना, नए किरदार की वेशभूषा पहनना और अपने संवाद बोलना ज्यादा दिलचस्प है।

अंतर्मुखी होने से करियर पर नहीं पड़ता असर

अदा शर्मा ने कहा कि कई लोग मानते हैं कि फिल्म इंडस्ट्री में अंतर्मुखी स्वभाव के कारण कलाकारों को नुकसान उठाना पड़ सकता है। हालांकि, उन्हें ऐसा नहीं लगता। उनका कहना है कि उन्हें लगातार काम मिल रहा है और वह अपने अभिनय के जरिए आगे बढ़ रही हैं। इसलिए उन्हें इस बात की चिंता नहीं रहती कि वह फिल्मी आयोजनों में कितनी नजर आती हैं।

भूतों से ज्यादा डरावने होते हैं असल जिंदगी के दुश्मन

हॉरर फिल्मों में दोबारा काम करने को लेकर अदा ने कहा कि उन्हें इस शैली से कोई डर नहीं लगता। उनकी फिल्मी शुरुआत भी हॉरर फिल्म ‘1920’ से हुई थी। इस बारे में उन्होंने दिलचस्प टिप्पणी करते हुए कहा कि असल जिंदगी में कई बार दुश्मन भूतों से ज्यादा डरावने होते हैं।

‘1920’ फ्रेंचाइजी में वापसी को लेकर अभिनेत्री ने कहा कि वह किसी किरदार को लेकर जल्दबाजी नहीं करना चाहतीं। जब सही समय आएगा और उन्हें उपयुक्त भूमिका मिलेगी, तब वह इस दिशा में फैसला लेंगी।

आलोचनाओं को भी मानती हैं जरूरी

अदा शर्मा ने बताया कि करियर की शुरुआत में आलोचनाओं से उन्हें बुरा लगता था, लेकिन समय के साथ उन्होंने इसे स्वीकार करना सीख लिया। अब वह मानती हैं कि दर्शकों की प्रतिक्रिया हर कलाकार के लिए महत्वपूर्ण होती है। उनकी फिल्म देखने वाले दर्शकों की राय अच्छी हो या बुरी, उसे जानना जरूरी है।

फिलहाल अभिनेत्री अपनी मराठी फिल्म ‘गजरा’ को लेकर उत्साहित हैं। उन्होंने कहा कि वह यह जानने के लिए भी उत्सुक हैं कि उन्होंने फिल्म में मराठी भाषा किस तरह बोली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *