नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री पद के चेहरे को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। इसी बीच शिवसेना (यूबीटी) के सांसद संजय राउत ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की खुलकर तारीफ करते हुए उनके नेतृत्व का समर्थन किया है। उन्होंने योगी आदित्यनाथ को हिंदुत्व का सबसे बड़ा चेहरा बताते हुए कहा कि अगर योगी नहीं हैं तो उत्तर प्रदेश भी नहीं है।
संजय राउत ने गुरुवार को मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि यदि योगी आदित्यनाथ ने खुद को मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित किया है तो यह काबिल-ए-तारीफ है। उन्होंने कहा कि योगी एक सक्षम व्यक्ति हैं और हम भी उनसे बहुत प्यार करते हैं। वह हिंदुत्व का ऐसा चेहरा हैं, जो सबसे ऊपर है।
राउत ने आगे कहा कि यदि योगी आदित्यनाथ ने खुद को मुख्यमंत्री पद का चेहरा बताया है तो उन्हें पूरा विश्वास होगा कि उनकी पार्टी उत्तर प्रदेश में बहुमत हासिल करेगी और निर्वाचित विधायकों में से अधिकांश उनका समर्थन करेंगे। उन्होंने भरोसा जताया कि 2027 के विधानसभा चुनाव के बाद भी योगी आदित्यनाथ ही प्रदेश का नेतृत्व करेंगे।
केशव प्रसाद मौर्य के बयान से बढ़ी चर्चा
संजय राउत का यह बयान ऐसे समय आया है, जब उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री पद के चेहरे को लेकर भाजपा के भीतर भी चर्चाएं तेज हैं। बुधवार को उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा था कि विधानसभा चुनाव के बाद पार्टी के निर्वाचित विधायक ही मुख्यमंत्री का चयन करेंगे। उनके इस बयान को अगले चुनाव के लिए किसी एक चेहरे पर अंतिम निर्णय नहीं होने के संकेत के रूप में देखा जा रहा है।
मौर्य ने कहा था कि चुनाव के दौरान भाजपा का चेहरा कमल का फूल होता है और पार्टी इसी आधार पर चुनाव लड़ती है। चुनाव परिणाम आने के बाद निर्वाचित विधायकों की बैठक होती है, जिसमें केंद्रीय पर्यवेक्षक भी शामिल होते हैं।
मुख्यमंत्री पद का दावेदार होने के सवाल पर मौर्य ने कहा कि इस बारे में कोई एक व्यक्ति फैसला नहीं करता। उन्होंने सपा, बसपा और कांग्रेस को प्राइवेट लिमिटेड कंपनियां बताते हुए कहा कि भाजपा में मुख्यमंत्री चुनने की एक निर्धारित व्यवस्था है। चुनाव के बाद 2027 में जो भी निर्णय होगा, वह सभी के सामने आ जाएगा।
