हाथरस में भीषण सड़क हादसा, पति-पत्नी और होनहार क्रिकेटर समेत चार की मौत, दो बच्चे घायल

हाथरस: उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में आगरा-अलीगढ़ राजमार्ग पर गुरुवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सासनी थाना क्षेत्र में नगला भूरा गांव के पास तेज रफ्तार ट्रक और ऑटो के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसे में पति-पत्नी समेत चार लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए। मृतकों में 15 वर्षीय होनहार क्रिकेट खिलाड़ी अश्वनी कुशवाहा भी शामिल है।

जानकारी के मुताबिक, गुरुवार शाम करीब चार बजे ऑटो में लगभग छह लोग सवार होकर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो सवार लोग सड़क पर जा गिरे। हादसे में अश्वनी कुशवाहा (15), चंद्रपाल (65) और ओमकार (50) की मौत हो गई। वहीं, गंभीर रूप से घायल ओमकार की पत्नी विनीता ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।

शादी समारोह में शामिल होने जा रहा था परिवार

बताया गया कि दिल्ली निवासी ओमकार अपनी पत्नी विनीता, बेटे लक्ष्य और बेटी के साथ रिश्तेदार के यहां शादी समारोह में शामिल होने के लिए आ रहे थे। हादसे में परिवार के चार सदस्य इसकी चपेट में आ गए। ओमकार और विनीता की मौत हो गई, जबकि उनके बेटे लक्ष्य और बेटी घायल हो गए। दोनों को बेहतर उपचार के लिए अलीगढ़ रेफर किया गया।

क्रिकेट अकादमी से लौट रहा था अश्वनी

हादसे में जान गंवाने वाला अश्वनी कुशवाहा हाथरस का रहने वाला था और अलीगढ़ के भीकमपुर स्थित क्रिकेट अकादमी में प्रशिक्षण लेता था। वह अपने साथियों के साथ क्रिकेट मैच खेलने गया था। मैच समाप्त होने के बाद वह ऑटो से हाथरस लौट रहा था। उसके दो साथी तेजस और मोहित अलीगढ़ में ही रुक गए थे, जिससे उनकी जान बच गई। क्रिकेट टीम के कोच सौरभ चंद्रा ने बताया कि अश्वनी एक अच्छा खिलाड़ी था और एक दिन पहले ही उसने उनके साथ मैच खेला था।

प्रशासन ने घायलों के इलाज के दिए निर्देश

घटना की सूचना मिलते ही सासनी कोतवाली प्रभारी ललित शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे की जानकारी मिलने पर जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल और पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों के उपचार की जानकारी ली। अधिकारियों ने बेहतर इलाज सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।

पुलिस अधीक्षक ने 15 वर्षीय क्रिकेटर अश्वनी की मौत को जिले के लिए बड़ी क्षति बताया। उन्होंने कहा कि इसकी भरपाई मुश्किल है। हादसे के बाद ट्रक और उसके चालक को पकड़ लिया गया है। पुलिस मामले में मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई कर रही है।

उधर, परिवहन विभाग की प्रारंभिक जांच में सड़क किनारे खड़ी झाड़ियों, मोड़ और वाहनों की तेज रफ्तार को हादसे की संभावित वजह बताया गया है। मामले की विस्तृत जांच के लिए परिवहन विभाग की टीम को दोबारा घटनास्थल का निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *