फसलों का लाभकारी मूल्य, धान खरीद में कटौती बंद करने समेत उठाईं कई मांगें

  किसानों की समस्याओं पर भाकियू की हुंकार, प्रदर्शन कर सौंपा ज्ञापन
– फसलों का लाभकारी मूल्य, धान खरीद में कटौती बंद करने समेत उठाईं कई मांगें
फोटो परिचय- कलेक्ट्रेट पर ज्ञापन सौंपते भाकियू के पदाधिकारी।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। किसानों, कृषि मजदूरों व ग्रामीण कामगारों की लंबित समस्याओं को लेकर भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) ने शुक्रवार को जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया। किसानों ने फसलों का लाभकारी मूल्य दिलाने, धान खरीद में मनमानी कटौती रोकने, सब्जी मंडियों में अवैध वसूली और शोषण पर अंकुश लगाने सहित विभिन्न मांगों को लेकर आवाज बुलंद की। इस दौरान राष्ट्रपति व मुख्यमंत्री को संबोधित दो अलग-अलग ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से भेजकर किसानों की समस्याओं का शीघ्र समाधान कराने की मांग की गई।

प्रदर्शन के दौरान किसान नेताओं ने कहा कि किसानों से किए गए पुराने वादे अब तक पूरे नहीं हुए हैं। फसलों का लाभकारी मूल्य, कृषि मजदूरों को सम्मानजनक पारिश्रमिक, बुजुर्ग किसानों को पेंशन, स्वास्थ्य सुविधा और कर्ज से मुक्ति जैसी मांगें लंबे समय से लंबित हैं। किसान यूनियन ने नौ दिसंबर 2021 को केंद्र सरकार की ओर से किए गए लिखित वादों को पूरा कराने की भी मांग उठाई। वहीं मुख्यमंत्री को भेजे गए ज्ञापन में जनपद की मंडियों में किसानों के शोषण का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। खागा नवीन सब्जी मंडी में मटर और सब्जी लेकर पहुंचने वाले किसानों से कथित रूप से तीन प्रतिशत अवैध वसूली बंद कराने तथा आढ़तियों द्वारा सड़क पर दुकानें लगाकर आवागमन बाधित करने पर कार्रवाई की मांग की गई।

फतेहपुर के लोधीगंज और बिंदकी में सरकारी सब्जी मंडी स्थापित कराने के साथ नउवाबाग से बिलंदा के बीच हाईवे किनारे सरकारी मंडी निर्माण कराने की मांग भी रखी गई। किसानों ने धान खरीद केंद्रों पर तौल के दौरान दो प्रतिशत तक मनमानी कटौती किए जाने और व्यापारियों के धान की खरीद को प्राथमिकता देने का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष खरीद व्यवस्था सुनिश्चित कराने की मांग की। इसके अलावा बिंदकी तहसील में गन्ना मिल स्थापित कराने सहित अन्य समस्याओं के समाधान की मांग उठाई गई। ज्ञापन में किसानों की जमीन और आजीविका की सुरक्षा, प्राकृतिक आपदा में समुचित मुआवजा, कर्ज से राहत, पेंशन, स्वास्थ्य सुविधा तथा मतदाता सूची में संवैधानिक अधिकारों की सुरक्षा समेत अन्य मांगें भी शामिल रहीं। इस दौरान जिलाध्यक्ष नवल सिंह, राष्ट्रीय संगठन मंत्री राजेंद्र सिंह के अलावा जिला उपाध्यक्ष यूसुफ तबरेज, देवनारायण पटेल, दीपू मिश्रा, नागेन्द्र यादव सहित तमाम पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *