मलवां ब्लाक का मौहार गांव बनेगा सोलर मॉडल विलेज – सरकारी भवनों पर लगेंगे हाइब्रिड सोलर प्लांट – डीएम ने परियोजना की समीक्षा कर दिए निर्देश
फोटो परिचय- बैठक में भाग लेतीं डीएम निधि गुप्ता वत्स। एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। गांवों को सौर ऊर्जा से रोशन करने व ग्रामीणों को स्वच्छ ऊर्जा से जोड़ने की दिशा में जिले में पहल शुरू हो गई है। विकास खंड मलवां के मौहार गांव को सोलर मॉडल विलेज के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके तहत गांव के सरकारी भवनों को हाइब्रिड सोलर प्लांट से आच्छादित करने के साथ स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को सोलर संबंधी योजनाओं के माध्यम से आजीविका के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।
शुक्रवार को कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा गांधी सभागार में जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स की अध्यक्षता में सोलर मॉडल विलेज के संबंध में जिला स्तरीय समिति की बैठक हुई। डीएम ने शासन के दिशा-निर्देशों के अनुसार मानकों पर खरे उतरने वाले मौहार गांव को सोलर मॉडल विलेज के रूप में विकसित करने के लिए तैयार डीपीआर (परियोजना रिपोर्ट) पर विस्तार से चर्चा की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि चयनित गांव के सभी सरकारी भवनों, जिनमें विद्यालय, पंचायत भवन, आरोग्य मंदिर, मिलन केंद्र और सामुदायिक शौचालय शामिल हैं, को हाइब्रिड सोलर प्लांट से आच्छादित किया जाए। इसके साथ ही स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को आजीविका से जोड़ने के लिए सोलर संबंधी योजनाओं में 90 प्रतिशत अनुदान का लाभ दिलाने की प्रक्रिया नियमानुसार पूरी की जाए। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को सभी आवश्यक प्रक्रियाएं समय से पूरी कर मौहार गांव को शासन की मंशा के अनुरूप सोलर मॉडल विलेज के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, जिला विकास अधिकारी, उप निदेशक कृषि, पीओ नेडा सहित समिति के सदस्य मौजूद रहे।