दो पक्षों के बीच जमकर हुआ हंगामा, असलहों की नुमाइश से मचा हड़कंप

   जमीनी विवाद में तहसील बनी अखाड़ा, गेट पर तनी रायफल व पिस्टल
– दो पक्षों के बीच जमकर हुआ हंगामा, असलहों की नुमाइश से मचा हड़कंप
– पीड़िता ने दबंगों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की उठाई मांग
फोटो परिचय- विवाद के दौरान रायफल तानने का प्रयास करता व्यक्ति।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। जमीन के विवाद में न्याय और समाधान की उम्मीद लेकर तहसील पहुंचने वाले लोग उस समय दहशत में आ गए, जब सदर तहसील के मुख्य गेट पर ही दो पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते कहासुनी ने हंगामे का रूप ले लिया और दोनों पक्षों के बीच जमकर ड्रामा हुआ। इस दौरान खुलेआम असलहों की नुमाइश की गई।

रायफल व पिस्टल तक तान दिए जाने से मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। तहसील परिसर के मुख्य गेट पर हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
मामला सदर कोतवाली क्षेत्र के नई तहसील का बताया जा रहा है। जमीन के विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले से तनातनी चल रही थी। इसी विवाद को लेकर दोनों पक्ष तहसील पहुंचे थे, जहां किसी बात पर उनके बीच विवाद बढ़ गया। देखते ही देखते दोनों ओर से हंगामा शुरू हो गया और नौबत असलहे निकालने तक पहुंच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मौके पर रायफल व पिस्टल लहराने के साथ ही एक-दूसरे पर तानने की स्थिति बन गई, जिससे वहां मौजूद लोगों में दहशत फैल गई।

घटना के दौरान किसी ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। तहसील जैसे महत्वपूर्ण सरकारी परिसर के मुख्य द्वार पर असलहों के प्रदर्शन और खुलेआम हंगामे का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली व सार्वजनिक स्थानों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं। बताते चलें कि तिवारिन का बड़ा डेरा सरकंडी थाना असोथर निवासी रेखा तिवारी पुत्री स्व0 श्याम सुन्दर तिवारी अवैध कब्जे की शिकायत लेकर तहसील परिसर पहुंची थीं। तभी इसी गांव के ही केशव उर्फ रमेश पुत्र राजाराम अवस्थी के साथ प्रमोद तिवारी पुत्र बाबूराम तिवारी, आयुष तिवारी पुत्र प्रमोद तिवारी, पियांजल तिवारी पुत्र प्रमोद तिवारी, भोला तिवारी पुत्र द्वारिका तिवारी असलहे तान कर गाली-गलौज व धक्का मुक्की करने लगे। मामले को देख आस-पास लोगों की भीड़ जमा हो गई। पीड़िता ने आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई किए जाने की मांग की है। सदर कोतवाल अवन कुमार दीक्षित ने बताया कि तहरीर प्राप्त हुई है। मामले की जांच करके कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *