चार फीट के सार्वजनिक रास्ते पर अवैध निर्माण का आरोप-एसडीएम ने रुकवाया काम

 चार फीट के सार्वजनिक रास्ते पर अवैध निर्माण का आरोप
– एसडीएम ने रुकवाया काम
फोटो परिचय-  चार फीट के रास्ते पर रूकवाए गए अवैध निर्माण का दृश्य।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। शहर के कटरा अब्दुल गनी निवासी देव नारायण उर्फ रज्जन कुमार ने पड़ोसी पर उनके मकान के निकट स्थित करीब साढ़े चार फीट चौड़े सार्वजनिक रास्ते पर जबरन कब्जा कर निर्माण कराने का आरोप लगाया है। पीड़ित के मुताबिक, रास्ते को बंद किए जाने से उनके मकान के आवागमन के साथ ही मोहल्ले के अन्य लोगों के आने-जाने में भी परेशानी उत्पन्न हो सकती है।

मामले को लेकर रज्जन कुमार ने बताया कि उक्त रास्ता उनके मकान के पश्चिमी मुख्य मार्ग व पूर्वी गली से जुड़ा हुआ है। रास्ते में उनके मकान के दरवाजे व खिड़कियां भी खुलती हैं। मोहल्ले के लोग भी इसका इस्तेमाल आवागमन के लिए करते हैं। आरोप है कि पड़ोसी प्रेम शंकर पुत्र करुणा शंकर ने रास्ते की भूमि पर अवैध कब्जा करने की नीयत से वहां ईंटें रखकर निर्माण कार्य शुरू कर दिया। पीड़ित ने बताया कि मामले की शिकायत किए जाने पर एसडीएम ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य रुकवा दिया और संबंधित व्यक्ति को तत्काल काम बंद करने के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने नगर पालिका परिषद में भी सार्वजनिक रास्ते को बंद किए जाने की शिकायत दर्ज कराई थी। इस पर नगर पालिका परिषद की ओर से अवैध निर्माण हटाने के लिए संबंधित व्यक्ति को नोटिस जारी किया गया है। रज्जन कुमार का आरोप है कि विरोध करने पर विपक्षी पक्ष की ओर से उन्हें धमकाया भी जाता है। उन्होंने प्रशासन से रास्ते को पूर्व की भांति अतिक्रमणमुक्त कराकर आवागमन बहाल कराने तथा मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग की है। पीड़ित ने चेतावनी दी कि यदि जल्द अवैध निर्माण नहीं हटाया गया तो वह जिलाधिकारी से मुलाकात कर पूरे मामले से अवगत कराएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *