विशेष सत्र में बुंदेलखंड राज्य की मांग उठाएं क्षेत्रीय सांसद
विशेष सत्र में बुंदेलखंड राज्य की मांग उठाएं क्षेत्रीय सांसद
विधानसभा चुनाव से पहले राज्य गठन करें पीएम मोदी: प्रवीण
– विशेष सत्र में बुंदेलखंड राज्य की मांग उठाएं क्षेत्रीय सांसद
फोटो परिचय- मांग पत्र दिखाते प्रवीण पाण्डेय बुंदेलखंडी। एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। संसद के तीस नवंबर व एक दिसंबर को प्रस्तावित विशेष सत्र में पृथक बुंदेलखंड राज्य का मुद्दा उठाने की मांग तेज हो गई है। बुंदेलखंड राष्ट्र समिति के केंद्रीय अध्यक्ष प्रवीण पाण्डेय बुंदेलखंडी ने क्षेत्र के सभी सांसदों से दलगत सीमाओं से ऊपर उठकर एकजुट होने और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर संयुक्त ज्ञापन सौंपने की अपील की है।
उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड के सांसदों के पास अपनी मातृभूमि के लिए आवाज उठाने का महत्वपूर्ण अवसर है। तीन करोड़ बुंदेलखंडवासियों की जनभावनाओं को संसद तक पहुंचाना जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है। मौन रहना क्षेत्र के हितों के साथ न्याय नहीं होगा। श्री पाण्डेय ने बताया कि वह प्रधानमंत्री को अब तक 55 बार अपने खून से पत्र लिखकर पृथक राज्य की मांग कर चुके हैं। जंतर-मंतर पर धरना और सत्याग्रह के माध्यम से भी लगातार आवाज उठाते रहे हैं। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष चित्रकूट में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की पांच दिवसीय बैठक के दौरान बुंदेलखंड राज्य का विषय चर्चा में आया था। जगद्गुरु स्वामी रामभद्राचार्य द्वारा संघ प्रमुख मोहन भागवत के समक्ष यह मांग उठाना भी महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने बताया कि पूर्ववर्ती सरकार के कार्यकाल में उत्तर प्रदेश विधानसभा में बुंदेलखंड क्षेत्र के 19 विधायक एकजुट होकर पृथक राज्य की मांग उठा चुके हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री से विधानसभा चुनाव 2027 से पहले बुंदेलखंड राज्य गठन की घोषणा करने की अपील की। कहा कि अब आश्वासन नहीं, निर्णय चाहिए।