हैदराबाद: तेलंगाना की एक अदालत ने महिला के यौन शोषण और बाद में उसे ब्लैकमेल करने के मामले में 39 वर्षीय जिम ट्रेनर मोहम्मद मौजम अली को 20 साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई है। अदालत ने दोषी पर 8 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है। यह मामला वर्ष 2017 में साइबराबाद के रायदुर्गम पुलिस स्टेशन में दर्ज किया गया था।
दोषी की पहचान हैदराबाद के मेहदीपट्टनम स्थित ज्योतिनगर निवासी मोहम्मद मौजम अली के रूप में हुई है। वह गाचीबाउली स्थित रामकी टावर्स में फिटनेस ट्रेनर के तौर पर काम करता था। पुलिस के मुताबिक, 40 वर्षीय महिला ने 13 फरवरी 2017 को उसके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी।
महिला ने आरोप लगाया था कि आरोपी जनवरी 2015 से जिम के महिला शौचालय में उसका यौन शोषण कर रहा था। इसके अलावा वह कई बार उसके फ्लैट में भी जबरन घुसा और उसके साथ यौन उत्पीड़न तथा डराने-धमकाने की घटनाओं को अंजाम दिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी महिला और उसके पति की सामाजिक प्रतिष्ठा खराब करने की धमकी देकर उसे ब्लैकमेल भी करता था। उस पर महिला का मोबाइल फोन और सोशल मीडिया अकाउंट हैक करने तथा उसकी तस्वीरें हासिल करने का भी आरोप था। लगातार हो रहे उत्पीड़न से परेशान होकर महिला ने 11 फरवरी 2017 को अपने पति को पूरी घटना बताई। इसके बाद 13 फरवरी को रायदुर्गम पुलिस से शिकायत की।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने गवाहों के बयान दर्ज किए और सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। जांच अधिकारियों ने संबंधित वस्तुएं भी जब्त कीं। इसके बाद 15 फरवरी 2017 को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। जांच पूरी होने पर पुलिस ने अदालत में आरोपपत्र दाखिल किया।
मामले की सुनवाई के बाद एलबी नगर स्थित रंगारेड्डी जिला न्यायालय की 13वीं अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश एम. वाणी ने आरोपी को दोषी करार देते हुए 20 साल के कठोर कारावास और 8 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई।
साइबराबाद पुलिस ने मामले में जांच अधिकारी रायदुर्गम पुलिस स्टेशन के इंस्पेक्टर डी. दुर्गा प्रसाद और विशेष लोक अभियोजक पी. मंजुला देवी के प्रयासों की सराहना की है।
