नई दिल्ली: लोकप्रिय मैसेजिंग एप वाट्सएप इस्तेमाल करने वाले करोड़ों यूजर्स के लिए साइबर सुरक्षा एजेंसी इंडियन कंप्यूटर इमरजेंसी रिस्पांस टीम (CERT-In) ने गंभीर चेतावनी जारी की है। एजेंसी ने वाट्सएप और वाट्सएप बिजनेस के पुराने वर्जन में कई सुरक्षा खामियों का पता लगाया है। इनका फायदा उठाकर साइबर अपराधी यूजर्स की संवेदनशील जानकारी तक पहुंच सकते हैं और उनके डाटा को नुकसान पहुंचा सकते हैं।
CERT-In ने 26 नवंबर को जारी अपनी एडवाइजरी में इन खामियों को हाई रिस्क श्रेणी में रखा है। यह चेतावनी एंड्रॉयड, आईओएस और डेस्कटॉप पर वाट्सएप इस्तेमाल करने वाले यूजर्स के लिए जारी की गई है। एजेंसी के मुताबिक, हमलावर विशेष रूप से तैयार किए गए मैसेज, मीडिया फाइल या लिंक भेजकर इन सुरक्षा कमजोरियों का फायदा उठा सकते हैं।
सुरक्षा खामियों का फायदा उठाकर साइबर अपराधी प्रभावित डिवाइस में मनमाना कोड चला सकते हैं, संवेदनशील जानकारी हासिल कर सकते हैं और एप की सुरक्षा व्यवस्था को दरकिनार कर सकते हैं। कुछ मामलों में वाट्सएप की स्थानीय रूप से सेव की गई फाइलें भी डिलीट हो सकती हैं। इसके अलावा यूजर्स की आईपी जानकारी उजागर होने का खतरा भी है।
CERT-In ने वाट्सएप के एंड्रॉयड, आईओएस, मैक और विंडोज वर्जन में अलग-अलग कमजोरियों की पहचान की है। इनमें SQL इंजेक्शन, सर्टिफिकेट चेन वैलिडेशन में गड़बड़ी और बाहरी विज्ञापन लिंक की जांच में कमी जैसी समस्याएं शामिल हैं।
एजेंसी के अनुसार, एंड्रॉयड यूजर्स के लिए विशेष रूप से तैयार किए गए ऑर्डर डिटेल्स मैसेज के जरिए स्थानीय फाइलों को नुकसान पहुंचाने की आशंका है। वहीं, कुछ खास विज्ञापन रिप्लाई मैसेज के जरिए यूजर का आईपी एड्रेस भी उजागर हो सकता है।
वाट्सएप के जिन पुराने वर्जन को प्रभावित बताया गया है, उनमें एंड्रॉयड के 2.26.35.74 और 2.26.17.4 से पुराने वर्जन, आईओएस के 2.26.24.72 से पुराने वर्जन तथा मैक डेस्कटॉप के 2.26.23.72 से पुराने वर्जन शामिल हैं। वाट्सएप बिजनेस और विंडोज के कुछ पुराने वर्जन भी इस खतरे की चपेट में हैं।
CERT-In ने सभी यूजर्स को सलाह दी है कि वे केवल ऑटोमैटिक अपडेट के भरोसे न रहें और अपने डिवाइस में वाट्सएप का नवीनतम सिक्योरिटी अपडेट तुरंत इंस्टाल करें। एंड्रॉयड यूजर्स गूगल प्ले स्टोर और आईफोन यूजर्स एप स्टोर पर जाकर अपडेट की जांच कर सकते हैं। कंप्यूटर पर वाट्सएप इस्तेमाल करने वालों को भी अपने डेस्कटॉप एप को अपडेट करना चाहिए।
वहीं, मेटा की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, कुछ सुरक्षा खामियों के वास्तविक साइबर हमलों में इस्तेमाल होने का कोई प्रमाण नहीं मिला है, जबकि एक खामी का कुछ स्पैम मैसेज के साथ दुरुपयोग होने की आशंका जताई गई है।
