थरियांव थाने में 63 प्रार्थना पत्र प्राप्त, 12 मामलों का कराया निस्तारण
थरियांव थाने में 63 प्रार्थना पत्र प्राप्त, 12 मामलों का कराया निस्तारण
थाना समाधान दिवस में डीएम-एसपी ने सुनीं फरियादें
– थरियांव थाने में 63 प्रार्थना पत्र प्राप्त, 12 मामलों का कराया निस्तारण
फोटो परिचय- थरियांव थाने में पीड़ितों की समस्याएं सुनतीं डीएम व साथ में एसपी। एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। माह के द्वितीय शनिवार को थाना समाधान दिवस पर जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स एवं पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने थाना थरियांव पहुंचकर फरियादियों की समस्याएं सुनीं। अधिकारियों ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को जनशिकायतों का त्वरित, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापरक निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
समाधान दिवस में कुल 63 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें 45 मामले राजस्व व 18 मामले पुलिस विभाग से संबंधित रहे। राजस्व से जुड़े सात और पुलिस से संबंधित पांच प्रार्थना पत्रों, यानी कुल 12 मामलों का निस्तारण मौके पर कराया गया। शेष प्रार्थना पत्रों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण की कार्रवाई जारी रही। जिलाधिकारी ने राजस्व से संबंधित मामलों में मौके पर जाकर जांच करते हुए नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। वहीं पुलिस अधीक्षक ने पुलिस से संबंधित शिकायतों में त्वरित कार्रवाई के साथ फरियादियों को न्याय दिलाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जनशिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसी क्रम में जनपद के सभी क्षेत्राधिकारियों, थाना प्रभारियों एवं थानाध्यक्षों ने अपने-अपने थानों में समाधान दिवस आयोजित कर फरियादियों की समस्याएं सुनीं और प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की कार्रवाई की।