पंद्रह दिन की बारिश में 67 मकान क्षतिग्रस्त, तीन की मौत
पंद्रह दिन की बारिश में 67 मकान क्षतिग्रस्त, तीन की मौत
पंद्रह दिन की बारिश में 67 मकान क्षतिग्रस्त, तीन की मौत
– खागा तहसील में सबसे ज्यादा 50 मकान टूटे, सदर में दो व बिंदकी में 15 मकानों को नुकसान
– 11 परिवारों को मिला मुआवजा, शहर में जलभराव से एसडीएम आवास भी बेहाल
फोटो परिचय- एडीएम विनय पाण्डेय। एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। जिले में बीते 15 दिनों से लगातार हो रही बारिश ने जमकर कहर बरपाया है। लगातार बारिश के चलते तीनों तहसीलों में अब तक 67 मकान क्षतिग्रस्त हो चुके हैं, जबकि अतिवृष्टि के कारण तीन लोगों की जनहानि हुई है। सबसे ज्यादा नुकसान खागा तहसील में हुआ है, जहां 50 मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं। इसके अलावा बिंदकी तहसील क्षेत्र में 15 और सदर तहसील क्षेत्र में दो मकानों के क्षतिग्रस्त होने की जानकारी सामने आई है। बारिश से प्रभावित परिवारों को राहत और मुआवजा देने की प्रक्रिया जिला प्रशासन की ओर से शुरू कर दी गई है। अब तक 11 प्रभावित परिवारों को नियमानुसार मुआवजा दिया जा चुका है, जबकि 30 मामलों की फाइलें प्रशासन को प्राप्त हो चुकी हैं और 26 मामलों में लाभार्थियों से संबंधित फाइलें अभी आना बाकी हैं।
अतिवृष्टि के बीच जिले में अब तक तीन लोगों की जान भी जा चुकी है। इनमें सदर तहसील क्षेत्र में दो और बिंदकी तहसील क्षेत्र में एक जनहानि शामिल है। दो मामलों में नियमानुसार मुआवजा दिया जा चुका है, जबकि सदर तहसील क्षेत्र में हाल में हुई जनहानि के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट और आवश्यक दस्तावेज मिलने के बाद नियमानुसार मुआवजे की कार्रवाई की जाएगी। लगातार बारिश से ग्रामीण क्षेत्रों में जहां मकानों के क्षतिग्रस्त होने से परिवारों के सामने रहने का संकट खड़ा हो गया है, वहीं शहर में भी जलभराव ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। शहर के कई इलाकों में बारिश का पानी जमा होने से आवागमन प्रभावित है। जलभराव वाले स्थानों पर प्रशासन और नगर पालिका की ओर से पंप लगाकर पानी निकालने के साथ सफाई का काम कराया जा रहा है। लगातार बारिश का असर शहर स्थित एसडीएम आवास परिसर पर भी पड़ा है। परिसर में जलभराव होने के बाद नगर पालिका परिषद की टीम और गाड़ियां पानी निकालने के लिए लगातार मौके पर जुटी हुई हैं। प्रशासन का कहना है कि बारिश से हुए नुकसान का लगातार आकलन कराया जा रहा है और प्रभावित परिवारों को नियमानुसार राहत एवं मुआवजा उपलब्ध कराया जा रहा है। जिन मामलों की फाइलें अभी प्राप्त नहीं हुई हैं, उन्हें भी जल्द उपलब्ध कराने की प्रक्रिया चल रही है। एडीएम विनय पाण्डेय ने बताया कि अतिवृष्टि से हुए नुकसान के मामलों में प्रशासन की ओर से नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। क्षतिग्रस्त मकानों और जनहानि के मामलों में पात्र परिवारों को राहत एवं मुआवजा दिया जा रहा है। शहर में जलभराव वाले क्षेत्रों में पंप लगाकर पानी निकाला जा रहा है और सफाई व्यवस्था भी कराई जा रही है। पिछले 15 दिनों की बारिश से जिले में 67 मकानों के क्षतिग्रस्त होने और तीन लोगों की जनहानि के बाद प्रशासन प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाने के साथ जलभराव से निपटने में जुटा है।