गो सम्मान आह्वान अभियान के प्रतिनिधिमंडल ने उपराज्यपाल से की मुलाकात
गो सम्मान आह्वान अभियान के प्रतिनिधिमंडल ने उपराज्यपाल से की मुलाकात
गो सम्मान आह्वान अभियान के प्रतिनिधिमंडल ने उपराज्यपाल से की मुलाकात – गोहत्या बंदी व गोमाता को राष्ट्रमाता का संवैधानिक दर्जा देने की उठाई मांग
फोटो परिचय- उपराज्यपाल से मुलाकात करता प्रतिनिधिमंडल। एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। गोमाता के सम्मान, संरक्षण एवं सेवा के उद्देश्य से संचालित राष्ट्रव्यापी गो सम्मान आह्वान अभियान के उत्तर प्रदेश राज्य कार्यकारिणी के प्रतिनिधिमंडल ने अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह के उपराज्यपाल दिनेश शर्मा से शिष्टाचार भेंट की। प्रतिनिधिमंडल ने अभियान के उद्देश्यों व देश भर में चलाए जा रहे जनजागरण कार्यक्रमों की जानकारी साझा करते हुए गोवंश संरक्षण से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।
प्रतिनिधिमंडल में अभियान के राज्य प्रभारी सनातन केसरी, राज्य संयोजक अपूर्व तिवारी एवं राज्य प्रचारक धर्मेन्द्र सिंह जनसेवक शामिल रहे। पदाधिकारियों ने उपराज्यपाल को बताया कि अभियान के माध्यम से शांतिपूर्ण एवं अहिंसक तरीके से गोमाता के सम्मान, संरक्षण और सेवा के लिए जनजागरण किया जा रहा है। इस दौरान देश में पूर्ण गोहत्या बंदी लागू करने, वेदलक्षणा देशी गोमाता को राष्ट्रमाता एवं राष्ट्रधरोहर के रूप में संवैधानिक मान्यता प्रदान करने तथा गोवंश संरक्षण के लिए प्रभावी संस्थागत व्यवस्था स्थापित करने की मांग रखी गई। प्रतिनिधिमंडल ने उत्तर प्रदेश सहित देश के विभिन्न राज्यों में अभियान के तहत चल रहे जनसंपर्क एवं जागरूकता कार्यक्रमों की भी जानकारी दी। ———————————– —– जगतपुर में चौदह को लगेगा रोजगार मेला – पंद्रह से अधिक कंपनियां करेंगी युवाओं का चयन एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। जिले के बेरोजगार युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से चौदह नवंबर को रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। सेवायोजन विभाग के उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के तहत जिलाधिकारी की अनुमति से जिला सेवायोजन कार्यालय की ओर से यह मेला पंडित देव नारायण शुक्ल महाविद्यालय जगतपुर आदिल थाना हुसैनगंज में सुबह दस बजे से आयोजित होगा।
जिला सेवायोजन अधिकारी ने बताया कि रोजगार मेले में प्रदेश व जनपद स्तर की 15 से अधिक प्रतिष्ठित निजी कंपनियां प्रतिभाग करेंगी। इन कंपनियों की ओर से विभिन्न पदों पर युवाओं का साक्षात्कार लेकर योग्य अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा। मेले के माध्यम से जिले के युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार पाने का अवसर मिलेगा। उन्होंने बताया कि रोजगार मेले में प्रतिभाग करने के लिए अभ्यर्थियों का सेवायोजन विभाग के रोजगार संगम पोर्टल पर पंजीकरण होना अनिवार्य है। पंजीकरण एवं रोजगार मेले से संबंधित अन्य जानकारी के लिए अभ्यर्थी जिला सेवायोजन कार्यालय के दूरभाष नंबर 05180-298602 पर संपर्क कर सकते हैं। ———————————— महिलाओं व बालिकाओं को जागरूक कर हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जनपद में मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत पुलिस द्वारा जागरूकता अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में शुक्रवार को जिले के सभी थानों की मिशन शक्ति एवं एंटी रोमियो टीमों ने विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर महिलाओं, बालिकाओं व आमजन को जागरूक किया।
अभियान के अंतर्गत पुलिस टीमों ने बाजारों व सार्वजनिक स्थलों पर जाकर महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों, महिला सुरक्षा तथा आत्मरक्षा के उपायों की जानकारी दी। साथ ही महिलाओं के प्रति होने वाले अपराधों की रोकथाम और किसी भी विषम परिस्थिति में पुलिस से तत्काल सहायता प्राप्त करने के तरीकों के बारे में विस्तार से बताया। इसके अलावा विभिन्न गांवों में ग्राम चौपाल लगाकर ग्रामीणों से संवाद किया गया। चौपाल के माध्यम से लोगों की समस्याएं सुनी गईं तथा उनके त्वरित और विधिसम्मत निस्तारण के प्रति जागरूक किया गया। पुलिस टीमों ने महिलाओं और बालिकाओं को बिना किसी डर या संकोच के अपनी समस्याएं पुलिस तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया। जागरूकता कार्यक्रमों के दौरान महिला हेल्पलाइन नंबर 1090, आपातकालीन पुलिस सेवा 112, चिकित्सा सहायता 108, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और साइबर हेल्पलाइन 1930 की जानकारी दी गई। इसके साथ ही साइबर अपराध से बचाव के लिए पोर्टल के बारे में भी बताया गया। पुलिस ने महिलाओं व बालिकाओं से अपील की कि किसी भी प्रकार की परेशानी, उत्पीड़न या साइबर अपराध की स्थिति में तत्काल संबंधित हेल्पलाइन नंबरों पर सूचना दें और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहें।