प्रयागराज में 19 जून को लगेगा मंडलीय वृहद रोजगार मेला

  प्रयागराज में 19 जून को लगेगा मंडलीय वृहद रोजगार मेला
– 50 से अधिक प्रतिष्ठित कंपनियां देंगी नौकरी के अवसर
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के प्रधानाचार्य एवं जिला समन्वयक ने जानकारी देते हुए बताया कि उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के अंतर्गत आगामी 19 जून को राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, नैनी (प्रयागराज) में मंडलीय वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा।
रोजगार मेले में प्रयागराज मंडल के सभी जनपदों से आईटीआई उत्तीर्ण एवं उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन से प्रशिक्षित अभ्यर्थियों को रोजगार के सुनहरे अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। मेले में देश एवं प्रदेश की 50 से अधिक प्रतिष्ठित कंपनियां और संस्थान प्रतिभाग करेंगे तथा योग्य युवाओं का चयन कर उन्हें रोजगार प्रदान करेंगे। प्रधानाचार्य ने बताया कि जनपद फतेहपुर के अधिक से अधिक आईटीआई पास एवं कौशल विकास मिशन से प्रशिक्षित युवा इस रोजगार मेले में प्रतिभाग कर अपने लिए रोजगार के नए अवसर प्राप्त कर सकते हैं। यह मेला युवाओं को निजी क्षेत्र की नामी कंपनियों से सीधे जुड़ने और अपने करियर को नई दिशा देने का महत्वपूर्ण मंच प्रदान करेगा। रोजगार मेले में एल एंड टी फाइनेंस, फ्लिपकार्ट, बारबेक्यू, स्वीगी, वर्धमान, जेप्टो, एलआईसी, वी श्योर प्राइवेट लिमिटेड (गुजरात), हैवेल्स, ब्लिंकिट, लावा, टीवीएस मोटर्स, एमआरएफ टायर्स सहित अनेक प्रतिष्ठित कंपनियां प्रतिभाग करेंगी और विभिन्न पदों पर भर्ती प्रक्रिया संपन्न करेंगी। उन्होंने सभी पात्र एवं इच्छुक युवाओं से अपील की है कि वे रोजगार मेले में पहुंचकर इस अवसर का लाभ उठाएं तथा अपने उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बढ़ाएं।
—————————————- —
  ट्रक की टक्कर से साइकिल सवार किशोर घायल
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। सदर कोतवाली क्षेत्र के लखनऊ रोड चौफेरवा गांव के समीप तेज रफ्तार ट्रक साइकिल सवार किशोर को टक्कर मारते हुए निकल गया। जिससे साइकिल सवार किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल अवस्था में उसको इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डॉक्टर उसका इलाज कर रहे थे तभी प्राइवेट एम्बुलेन्स चालक उसको शहर के किसी प्राइवेट अस्पताल इलाज कराने लेकर चले गए।
जानकारी के अनुसार हुसैनगंज थाना क्षेत्र के असनी गांव निवासी अली का 14 वर्षीय पुत्र तौफीक साइकिल पर सवार हो कर घर से किसी काम शहर आ रहा था। जब वह सदर कोतवाली क्षेत्र के लखनऊ रोड पर स्थित चौफेरवा गाँव के समीप पहुंचा तभी तेज रफ्तार ट्रक उसकी साइकिल को टक्कर मारते हुए निकल गया। जिससे साइकिल सवार किशोर गम्भीर रूप से घायल हो गया। फोन कर पटना की सूचना सरकारी एंबुलेंस को दी गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची एंबुलेंस ने घायल को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
————————————— 
 युवक कुएं में गिरकर युवक घायल, रेफर
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के सैदपुरा गांव में कुएँ की जगत पर लगी काई पर पैर फिसलने से युवक कुएं में गिर कर गम्भीर रूप से घायल हो गया। जिसकी जानकारी परिजनों को हुई तो कुएँ से बाहर निकाल कर घायल अवस्था मे उसको इलाज के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के बासू का पुरवा गांव निवासी मंगर का 30 वर्षीय पुत्र राजेन्द्र थाना क्षेत्र सैदपूरा गांव अपनी बहन के घर गया था। वहां घर के समीप स्थित कुएँ की जगत पर चढ़कर टहलने लगा। तभी जगत लगी काई पर उसका पैर पड़ा और वह फिसल कर कुएं में जा गिरा। घटना की जानकारी परिजनों को हुई तो ग्रामीणों की मदद से उसको कुएँ से बाहर निकाल कर इलाज के लिए हथगांम सीएचसी पहुंचाया। जहाँ डॉक्टर घायल की हालत गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद सरकारी एंबुलेंस जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। वहीं जिला अस्पताल पहुंचते ही ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर भर्ती कर उसका इलाज कर रहे हैं।
————————————— 
डंपर व ट्रैक्टर की भिड़ंत में चालक घायल
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। ललौली थाना क्षेत्र और बांदा जनपद के बॉर्डर पर डंपर और ट्रैक्टर की भिड़न्त हो गई। जिसमें डम्पर चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल अवस्था में उसको इलाज के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। जहाँ डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार कौशांबी जनपद के पैइंसा थाना क्षेत्र के बाले का पुरवा गांव निवासी स्वर्गीय मिश्री लाल का 25 वर्षीय पुत्र राम सागर जो डम्पर चला कर अपने परिवार का भरण पोषण करता है। वह डम्पर लेकर मोरंग खदान से मोरंग लोड करने गया था। तभी ललौली थाना क्षेत्र के दादों पूल के समीप बांदा जनपद के बॉडर पर ट्रैक्टर से डम्पर की भिड़ंत हो गई। जिसमें डम्पर चालक राम सागर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की जानकारी स्थानीय पुलिस को हुई तो तुरंत मौके पर पहुंचकर घायल को इलाज के लिए बहुआ सीएचसी पहुंचवाया। जहां डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद घायल की हालत गंभीर देखते हुए सरकारी एंबुलेंस से जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। वहीं जिला अस्तर पहुंचते ही ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर भर्ती कर उसका इलाज कर रहे हैं।
————————————— –
ट्रक की टक्कर से बाइक सवार पिता-पुत्र घायल
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। सदर कोतवाली क्षेत्र के नई तहसील चौराहे के समीप तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक बाइक सवार पिता-पुत्र को टक्कर मारते हुए निकल गया। ट्रक की टक्कर से बाइक पर सवार पिता पुत्र दोनों घायल हो गए। घायल अवस्था में उनको इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद पुत्र को घर जाने की सलाह देते हुए पिता को भर्ती कर उसका इलाज कर रहे हैं।
जानकारी के अनुसार सदर कोतवाली क्षेत्र के अस्ती गडरियन पुरवा गांव निवासी स्वर्गीय मंगली का 65 वर्षीय पुत्र रामनाथ पाल अपने 21 वर्षीय पुत्र जितेंद्र के साथ बाइक पर सवार होकर ललौली थाना क्षेत्र के सिधाव गांव गया था। वहां से वापस लौटते समय जब उसकी बाइक सदर कोतवाली क्षेत्र के नई तहसील चौराहे के समीप पहुंची तभी तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक उसकी बाइक को टक्कर मारते हुए निकल गया। जिससे बाइक पर सवार पिता पुत्र दोनों घायल हो गए। घटना की सुचना घायलो के परिजनों को हुई तो तुरन्त मौके पर पहुंचकर घायल अवस्था में दोनों को इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद पुत्र जितेंद्र को घर जाने की सलाह देते हुए पिता रामनाथ को भर्ती कर उसका इलाज कर रहे हैं। वहीं घायल के साथ अस्पताल में मौजूद उसकी पत्नी रामरति ने घटना की जानकारी दिया।
—————————————– 
  लघुशंका को गए पुजारी को चार पहिया ने मारी टक्कर
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। जाफरगंज थाना क्षेत्र के कलाना गांव के समीप लघुशंका के लिए जा रहे पुजारी को अज्ञात चार पहिया वाहन टक्कर मारते हुए निकल गया। जिससे पुजारी रोड पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की जानकारी उसके परिजनों को हुई तो घटना स्थल पर पहुंचकर उसको इलाज के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के कलाना गांव निवासी स्वर्गीय देवी चरण का 70 वर्षीय पुत्र रघुनाथ जो गांव में स्थित दुर्गा मंदिर में काफी समय से पुजारी है। बीती रात वह लघुशंका करने के लिए निकला तभी रोड से गुजरा तेज रफ्तार अज्ञात चार पहिया वाहन उसको टक्कर मारते हुए निकल गया। वाहन की टक्कर से पुजारी रघुनाथ रोड पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की जानकारी उसके परिजनों को हुई तो तुरंत घटना स्थल पर पहुंचकर उसको इलाज के लिए बिन्दकी सीएचसी पहुंचाया। जहां डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद घायल को सरकारी एम्बुलेन्स से जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। वहीं जिला अस्पताल पहुंचते ही ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर भर्ती कर उसका इलाज कर रहे हैं। वहीं घायल के साथ अस्पताल में मौजूद उसकी बहु रामकांती ने घटना की जानकारी दिया।
————————————— –
यमुना स्नान के दौरान दो मासूम डूबे, एक का शव बरामद
– दूसरे की तलाश जारी, परिजनों में मचा कोहराम
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। जाफरगंज थाना क्षेत्र के बिंदौर घाट में मंगलवार सुबह यमुना नदी में नहाने गए दो मासूम तेज बहाव की चपेट में आकर डूब गए। स्थानीय गोताखोरों की कड़ी मशक्कत के बाद एक बालक का शव बरामद कर लिया गया, जबकि दूसरे की तलाश देर शाम तक जारी रही।
जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह करीब 10 बजे योगेश निवासी जाफरगंज अपने भतीजे ऋषभ मिश्रा 11 पुत्र अभिषेक मिश्रा निवासी जाफरगंज तथा ऋषभ के मौसेरे भाई प्रतीक पांडेय 12 पुत्र प्रमोद पांडेय निवासी चांदपुर थाना चांदपुर के साथ बिंदौर घाट पर यमुना नदी में नहाने गए थे। नहाते समय दोनों बच्चे अचानक तेज बहाव के कारण गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। बच्चों को डूबता देख योगेश ने शोर मचाया। चीख-पुकार सुनकर पास में पशु चरा रहे जयनारायण निषाद और देशराज निषाद निवासी बिंदौर मौके पर पहुंचे और नदी में खोजबीन शुरू की। काफी प्रयास के बाद ऋषभ को बाहर निकाल लिया गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। वहीं प्रतीक पांडेय का देर शाम तक कोई सुराग नहीं लग सका। परिजनों के अनुसार प्रतीक के पिता प्रमोद पांडेय गाजियाबाद में रहते हैं। गर्मियों की छुट्टियों में वह गांव आया था और अपनी मौसी के घर जाफरगंज घूमने गया हुआ था। इसी दौरान यह दर्दनाक हादसा हो गया। बताया जा रहा है कि दोनों बच्चे अपने-अपने माता-पिता की इकलौती संतान थे। घटना की सूचना मिलते ही जाफरगंज पुलिस मौके पर पहुंच गई। एसआई कमलेश कुमार ने स्थानीय स्टीमर चालकों और मछुआरों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलवाया। सूचना पर फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंची और खोजबीन में जुटी रही, लेकिन समाचार लिखे जाने तक प्रतीक का पता नहीं चल सका। इस हृदयविदारक घटना से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पुलिस और स्थानीय गोताखोर यमुना नदी में लापता बालक की तलाश में जुटे हुए हैं।
———————————– –
  फांसी लगा युवती ने दी जान
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। किशनुपर थाना क्षेत्र ग्राम नरैनी में सोमवार रात घरेलू कलह के चलते 20 वर्षीय युवती ने घर के अन्दर फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। जनकारी के अनुसार नरैनी गांव निवासी राजेन्द्र पासवान की पत्नी निशा देवी ने सोमवार की रात घर अन्दर फंासी लगाकर आत्महत्या कर ली। सुबह जब परिजनों की नजर पडी तो कोहराम मच गया। सूचना पाकर घटना स्थल पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *