मतदाता सूची में नाम जुड़वाने को चार दिन चलेगा विशेष अभियान

  जनगणना में 30 नवंबर तक ऑनलाइन कर सकेंगे स्वगणना
– मतदाता सूची में नाम जुड़वाने को चार दिन चलेगा विशेष अभियान
– डीएम ने जनगणना व निर्वाचक नामावली के शुद्धिकरण पर दी जानकारी
फोटो परिचय- प्रेस प्रतिनिधियों को जानकारी देतीं जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने कहा कि जनगणना 2027 राष्ट्रीय महत्व का महत्वपूर्ण कार्यक्रम है। इसकी सटीकता व पारदर्शिता बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। नागरिक 16 से 30 नवंबर तक ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अपनी स्वगणना कर सकते हैं। इसके लिए लिंक पर जाकर निर्धारित प्रक्रिया पूरी करनी होगी। उन्होंने प्रेस प्रतिनिधियों से अपील की कि वे स्वयं स्वगणना करने के साथ ही आम नागरिकों को भी इसके प्रति जागरूक करें, ताकि अधिक से अधिक लोग इस प्रक्रिया में भागीदारी कर सकें।

गुरुवार को महात्मा गांधी कलेक्ट्रेट सभागार में प्रेस प्रतिनिधियों के साथ संवाद के दौरान डीएम ने जनगणना-2027 के द्वितीय चरण तथा विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के शुद्धिकरण, सत्यापन व पात्र मतदाताओं के नाम शामिल कराने को लेकर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जनगणना के द्वितीय चरण में 16 से 30 नवंबर तक ऑनलाइन स्वगणना की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इस दौरान नागरिक घर बैठे पोर्टल के माध्यम से अपनी जानकारी दर्ज कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि जनगणना के आंकड़ों की शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए जनसहभागिता बेहद जरूरी है। इसमें मीडिया की भूमिका भी महत्वपूर्ण है, इसलिए प्रेस प्रतिनिधि अपने समाचारों के माध्यम से लोगों को जागरूक करें।

डीएम ने निर्वाचक नामावलियों के संबंध में बताया कि पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए 21, 22, 28 व 29 नवंबर को विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि ग्रामसभा और वार्ड क्षेत्र का कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रह जाए। उन्होंने प्रेस प्रतिनिधियों से इस अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करने की अपील की, जिससे अधिक से अधिक पात्र नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम शामिल करा सकें। संवाद के दौरान प्रेस प्रतिनिधियों ने विभिन्न बिंदुओं पर सवाल और सुझाव रखे, जिनका जिलाधिकारी ने जवाब दिया। उन्होंने आश्वस्त किया कि प्राप्त महत्वपूर्ण सुझावों पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर मास्टर ट्रेनर ने ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से स्वगणना की प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रदर्शन कर उपस्थित लोगों को इसकी पूरी जानकारी दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *