हरदासपुर मोड़ पर हुआ हादसा, मौके पर ही डॉक्टर ने तोड़ा दम

      तेज रफ्तार ट्रैक्टर की टक्कर से डॉक्टर की मौत
हरदासपुर मोड़ पर हुआ हादसा, मौके पर ही तोड़ा दम
चालक फरार, पुलिस जांच में जुटी
फोटो परिचय मृतक डॉ हाशिम की फाइल फोटो
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ खागा, फतेहपुर। शुक्रवार सुबह हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार ट्रैक्टर की टक्कर से एक चिकित्सक की मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई, वहीं परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार अंजना कबीर निवासी डॉ. हाशिम किसी निजी कार्य से खखरेरू आए हुए थे। कार्य निपटाने के बाद वह वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान हरदासपुर मोड़ के समीप पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि डॉ. हाशिम सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। अत्यधिक रक्तस्राव होने के कारण उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीणों और राहगीरों की भारी भीड़ घटनास्थल पर जुट गई। कुछ समय के लिए सड़क पर जाम जैसी स्थिति भी बन गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर यातायात सामान्य कराया। डॉ. हाशिम की मौत की खबर जैसे ही परिजनों को मिली, घर में चीख-पुकार मच गई। क्षेत्र के लोगों और चिकित्सा जगत से जुड़े लोगों ने भी घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी। डॉ. हाशिम के असामयिक निधन से क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है और लोगों ने दुर्घटना के लिए जिम्मेदार चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
—————————————- 
गर्भवती महिला की मौत के बाद भाजपा नेताओं ने डीएम को सौंपा ज्ञापन
वन-वे और आर्थिक सहायता की मांग
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। जनपद के देवीगंज ओवरब्रिज के पास हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक गर्भवती महिला की मौके पर ही मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना को लेकर क्षेत्र के लोगों और स्थानीय नेताओं में गहरा आक्रोश है। मामले की गंभीरता को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी के नेताओं ने संयुक्त रूप से जिलाधिकारी फतेहपुर को एक मांग पत्र सौंपा है। ज्ञापन सौंपने वाले मुख्य नेताओं में राजा सिंह कछवाह (पूर्व जिला प्रवक्ता), शिव बालक निषाद (पूर्व सह-विधानसभा प्रभारी) और पंकज मिश्रा (पूर्व जिला महामंत्री किसान मोर्चा) शामिल हैं। इन नेताओं ने इस पत्र के माध्यम से भविष्य में ऐसी दर्दनाक दुर्घटनाओं को रोकने के लिए प्रशासन से ठोस और त्वरित कदम उठाने की मांग की है।
जिलाधिकारी को सौंपे गए पत्र में उल्लेख किया गया है कि विगत दिवस को देवीगंज ओवरब्रिज के पास एक गर्भवती महिला दवाई लेने के लिए सड़क पार कर रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही एक रोडवेज बस ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि उस महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इस घटना से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और ट्रैफिक प्रबंधन को लेकर बड़े सवाल खड़े हो गए हैं।
भाजपा नेताओं ने दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए जिलाधिकारी के समक्ष छह सूत्रीय मांगें रखी हैं। उन्होंने मांग की है कि ओवरब्रिज से लेकर राधानगर थाना तक की सड़क को तत्काल वन-वे (एकतरफा मार्ग) घोषित किया जाए और दुर्घटना वाले संवेदनशील स्थान पर गति अवरोधक (स्पीड ब्रेकर) का निर्माण कराया जाए। इसके अलावा, उन्होंने वर्तमान में आरटीओ स्टाफ और पुलिस द्वारा उसी स्थान पर की जाने वाली चेकिंग का विरोध करते हुए कहा कि जांच के डर से वाहन चालक हड़बड़ाहट में इधर-उधर भागते हैं, जिससे हादसे का खतरा बढ़ता है। नेताओं ने इस चेकिंग पॉइंट को गाजीपुर बस स्टॉप के पास स्थानांतरित करने का सुझाव दिया है।
इसके साथ ही, पत्र में मृतका के परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए प्रशासन से पीड़ित परिजनों को तत्काल सरकारी आर्थिक सहायता और दुर्घटना बीमा का लाभ दिलाने का अनुरोध किया गया है। इसके अतिरिक्त, यातायात को सुगम बनाने के लिए पूर्व जिलाधिकारी सी. इन्दुमती के कार्यकाल के दौरान ओवरब्रिज के नीचे स्थापित कराई गई सब्जी मंडी को पुनः वहीं शुरू कराने और क्षेत्र में टैम्पो व ई-रिक्शा स्टैंड का स्थान निश्चित करने की भी मांग की गई है, ताकि मुख्य मार्ग से भीड़भाड़ कम हो सके और ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह सुव्यवस्थित हो सके। नेताओं ने उम्मीद जताई है कि जिलाधिकारी जनहित में इन बिंदुओं पर गंभीरता से ध्यान देते हुए जल्द ही उचित निर्देश जारी करेंगे।

————————————– 
  शादी से इंकार पर वधू ने फांसी लगाकर की आत्महत्या
19 जून को आनी थी बारात
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। शादी सेे तीन दिन पूर्व वर पक्ष द्वारा मना कर देने से क्षुब्ध 25 वर्षीय युवती ने घर के अन्दर फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त ली। घटना खागा कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सुजानीपुर की है।
जानकारी के अनुसार सुजानीपुर गांव निवासी स्व0 किशन सिंह चौहान की पुत्री पूजा देवी शादी औरेईया जनपद निवासी रामसिंह के साथ तय हुयी थी। 19 जून को बारात आनी थी। तेल वाले दिन वर पक्ष की ओर से फोन आया और शादी से इंकान दिया। यह सुन वधू पक्ष वालो के पैरो तले जमीन खिसक गयी। उधर जब वधू को यह पता चला कि वर पक्ष वालो ने शादी से इंकार कर दिया तो वह अन्दर से टूट और बीती रात उसने घर के अन्दर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। जब घर के सभी लोग गहरी नींद सो रहे थे। सुबह जब परिजनों की नींद खुली और फंासी पर लटका पूजा का शव देख घर में कोहराम मच गया। सूचना पाकर मौके में पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर विच्छेदन ग्रह भेज दिया। पोस्ट मार्टम हाउस में घटना के बाबत जानकारी मृतका का भाई बलराम ने दी है।
————————————- 
ट्रेन से गिरकर अधेड़ की मौत
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। कल्यानुपर थाना क्षेत्र के कंसपुर स्टेशन के समीप ट्रेन से गिरकर 50 वर्षीय अधेड़ की मौत हो गयी। जानकारी के अनुसार बलिया जनपद के थाना सुखपुरवा गांव धर्मपुरवा निवासी हीरा गौड़ की पुत्र त्रिभवन ट्रेन से अपने घर जा रहा था। बताते है कि जब ट्रेन कंसपुर स्टेशन के समीप पहुंची तभी अचानक त्रिभवन जो दरवाजे पर बैठा था। अचानक गिर गया और उसकी मौत हो गयी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर विच्छेदन ग्रह भेज दिया।
—————————————- 
ट्रैक्टर ने बच्ची को कुचला मौत
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। ललौली थाना क्षेत्र के ग्राम उरौली में गुरूवार की शाम घर के बाहर खेल रही चार वर्षीय बच्ची को तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने रौंद दिया। जिससे उसकी घटना स्थल पर ही मौत हो गयी। जानकारी के अनुसार उरौली गांव निवासी सुशील बाल्मिकि पुत्री पायल गुरूवार की शाम लगभग 5ः30 बजे घर के बाहर रोड़ के किनारे खेल रही थी। तभी विपरित दिशा से आ रहे ट्रैक्टर ने बच्ची को कुचल दिया। जिससे उसकी मौके में पर ही मौत हो गयी। घटना के बाद चालक मौके पर ट्रैक्टर खड़ा कर भाग जाने में सफल रहा। सूचना पाकर मौके में पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर विच्छेदन ग्रह भेज दिया।
————————————— 
चार पहिया की टक्कर से चचेरे भाई घायल
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। राधानगर थाना क्षेत्र के ग्राम बड़नपुर के समीप शुक्रवार की सुबह चार पहिया वाहन की टक्कर से चचेरे भाई घायल हो गये। जिन्हे उपचार के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। जानकारी के अनुसार गाजीपुर थाना क्षेत्र के महमूदपुर गांव निवासी शिवदास का 50 वर्षीय पुत्र जितेन्द्र कुमार अपने चचेरे भाई राहुल पुत्र उमाशंकर 25 निवासी बलियापुर थाना राधानगर के साथ बाइक से शहर से गांव जा रहे थे। जैसे ही यह लोग बड़नपुर के पास पहुंचे तभी पीछे से आ रही चार पहिया वाहन ने बाइक मंे टक्कर मार दिया। जिससे दोनो घायल हो गये सूचना पाकर मौके में पहुंची सरकारी एम्बुलेंस ने घायल चचेरे भाईयों को उपचार के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *