उत्तराखंड में भीषण सड़क हादसा, खाई में गिरी कार; पांच महिलाओं की मौत, छह घायल

कोटद्वार: उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के कोटद्वार क्षेत्र में शनिवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। दुर्घटना में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार, वाहन रिखणीखाल से भंगलवाड़ गांव जा रहा था। गांव पहुंचने से पहले ही कार अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। वाहन के मालिक अनिल देवराड़ा ही कार चला रहे थे। हादसे के समय वाहन में कुल 11 लोग सवार थे।

बताया जा रहा है कि कार में सवार सभी महिलाएं स्वयं सहायता समूह से जुड़ी हुई थीं। वे दीदी-भुलि योजना के फॉर्म भरने के लिए रिखणीखाल गई थीं। वहां से वापस लौटते समय रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया।

दुर्घटना में पांच लोगों की मौत की सूचना है, जबकि छह लोग घायल हुए हैं। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की जा रही है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों और प्रशासन की ओर से राहत एवं बचाव कार्य चलाया जा रहा है। फिलहाल मृतकों और घायलों की विस्तृत पहचान तथा हादसे के कारणों को लेकर जानकारी जुटाई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *