नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिला आरक्षण को लेकर अपनी सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई है। उन्होंने कहा कि सरकार देश की नारी शक्ति से किए गए वादे को पूरा करने के लिए पूरी तरह संकल्पित है। लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को आरक्षण देने के रास्ते में आने वाली हर बाधा को दूर किया जाएगा।
प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो संदेश साझा करते हुए कहा कि नारी शक्ति को सशक्त बनाने का उनका संकल्प अडिग है। उन्होंने देश की महिलाओं को भरोसा दिलाया कि महिला आरक्षण के रास्ते में आने वाली सभी रुकावटों को दूर किया जाएगा।
पीएम मोदी ने कहा कि महिलाओं को राजनीतिक प्रतिनिधित्व दिलाने की लड़ाई कई दशकों से चल रही है। वह भी लंबे समय से इस लक्ष्य को हासिल करने के प्रयासों में जुटे हैं। देश की कई महिलाओं ने उनसे मुलाकात के दौरान और पत्रों के माध्यम से इस मुद्दे को उठाया है।
उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण का समर्थन करने वालों का हौसला बुलंद है और उनका संकल्प मजबूत है। विरोध करने वाले राजनीतिक दल भी देश की नारी शक्ति को संसद और राज्य विधानसभाओं में अधिक भागीदारी हासिल करने से नहीं रोक पाएंगे। यह केवल समय की बात है।
गौरतलब है कि केंद्रीय मंत्रिमंडल ने महिला आरक्षण को प्रभावी बनाने और परिसीमन से जुड़े तीन संशोधित विधेयकों के मसौदों को मंजूरी दी है। इनमें संविधान का 132वां संशोधन विधेयक, 2026 और परिसीमन (द्वितीय) विधेयक, 2026 शामिल हैं।
प्रस्तावित व्यवस्था के तहत लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या बढ़ाकर 850 करने का प्रस्ताव है। इसमें राज्यों से अधिकतम 815 और केंद्र शासित प्रदेशों से 35 प्रतिनिधि हो सकते हैं। इसके अलावा राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में संसदीय सीटों की संख्या में 50 प्रतिशत तक वृद्धि का प्रस्ताव रखा गया है।
राज्य विधानसभाओं की अधिकतम सदस्य संख्या भी 500 से बढ़ाकर 650 करने की तैयारी है। प्रस्ताव में सीटों के बंटवारे में राज्यों के मौजूदा अनुपात को वर्ष 2051 तक बरकरार रखने की बात कही गई है। इसके लिए 1971 की जनगणना को आधार बनाए रखने का प्रस्ताव है।
महिला आरक्षण से जुड़े इन प्रस्तावों पर चर्चा के लिए संसद का विशेष सत्र 30 नवंबर से 3 दिसंबर तक आयोजित होने की संभावना है। सरकार का लक्ष्य लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण को प्रभावी बनाना है।
