नई दिल्ली: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खर्गे ने केंद्र सरकार के परिसीमन विधेयक का विरोध करते हुए आरोप लगाया है कि इसके जरिए भाजपा और आरएसएस देश की सत्ता पर लंबे समय तक कब्जा बनाए रखना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा केवल महिला आरक्षण लागू करना नहीं, बल्कि परिसीमन के माध्यम से राजनीतिक व्यवस्था पर अपना नियंत्रण मजबूत करना है।
खर्गे ने कहा कि यदि यह विधेयक पारित हो जाता है तो लोकसभा में सीटों की संख्या बढ़कर 850 तक पहुंच सकती है। इसके बाद सरकार को संसद में अपने हिसाब से फैसले लेने और संविधान में बदलाव करने का अवसर मिल सकता है। उन्होंने आशंका जताई कि इससे देश की सत्ता हमेशा के लिए भाजपा और आरएसएस के हाथों में चली जाएगी।
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि विपक्ष महिला आरक्षण के खिलाफ नहीं है। कांग्रेस और विपक्षी दल लंबे समय से महिलाओं को संसद और विधानसभाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण देने का समर्थन करते रहे हैं। वर्ष 2023 में भी महिला आरक्षण से संबंधित संविधान संशोधन का समर्थन किया गया था। लेकिन सरकार महिला आरक्षण की आड़ में परिसीमन से जुड़े प्रावधान शामिल कर रही है, जिसका विपक्ष विरोध कर रहा है।
खर्गे ने आरोप लगाया कि परिसीमन की प्रक्रिया को लेकर सरकार की मंशा स्पष्ट नहीं है। उन्होंने चुनाव आयोग की भूमिका पर भी सवाल उठाए और कहा कि संवैधानिक संस्थाओं की शक्तियां सरकार अपने हाथों में केंद्रित करना चाहती है।
उन्होंने असम और जम्मू-कश्मीर में हुए परिसीमन का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां जिस तरह से निर्वाचन क्षेत्रों का पुनर्गठन किया गया, उससे विपक्ष को सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाने का आधार मिला है।
इस बीच परिसीमन विधेयक को लेकर विपक्षी दलों ने अपनी रणनीति तैयार करने के लिए बैठक भी की। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खर्गे के आवास पर हुई इस बैठक में राहुल गांधी, टीएमसी नेता अभिषेक बनर्जी, कपिल सिब्बल, मनोज झा और अन्य विपक्षी नेताओं ने हिस्सा लिया।
विपक्षी नेताओं का कहना है कि महिला आरक्षण को मौजूदा 543 लोकसभा सीटों के भीतर भी लागू किया जा सकता है। इसके लिए परिसीमन को महिला आरक्षण से जोड़ने की आवश्यकता नहीं है। संसद का विशेष सत्र 30 नवंबर से 3 दिसंबर तक प्रस्तावित है, जिसमें सरकार महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े नए विधेयक पेश कर सकती है।
