बकरी व भेड़ पालन योजनाओं में करें आवेदन, अन्य लघु खबरों के साथ

  राजा भैया ने एशियन गेम्स में जीता गोल्ड, बढ़ाया देश का मान
– ग्रामीण युवा क्रिकेट यूनियन ने अंग वस्त्र एवं स्मृति चिन्ह देकर किया सम्मानित
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। खागा कस्बे के होनहार खिलाड़ी राजा भैया ने एशियन गेम्स की पावर लिफ्टिंग प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर भारत का नाम अंतर्राष्ट्रीय मंच पर गौरवान्वित किया है। उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि की सूचना मिलते ही पूरे जनपद में खुशी की लहर दौड़ गई। राजा भैया के निजी आवास पर समर्थकों, खेल प्रेमियों एवं शुभचिंतकों ने पहुंचकर उनका भव्य स्वागत किया तथा उनकी सफलता पर हर्ष व्यक्त किया। इस अवसर पर ग्रामीण युवा क्रिकेट यूनियन संस्था परिवार के पदाधिकारियों ने उन्हें अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
राजा भैया ने अपनी सफलता के पीछे वर्षों के कठिन संघर्ष, अनुशासन और निरंतर अभ्यास को बताया। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय अपने माता-पिता एवं अपने कोच धर्मेंद्र को देते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन और समर्थन के बिना यह सफलता संभव नहीं थी। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि यदि वे पूरी लगन, मेहनत और समर्पण के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ें तो कोई भी मंजिल दूर नहीं है। इस सम्मान समारोह में ग्रामीण युवा क्रिकेट यूनियन के महानिदेशक एबी बाबू, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डी.के., जिलाध्यक्ष अमित मौर्य, ब्लॉक अध्यक्ष राहिल एवं डॉ. ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। राजा भैया की यह उपलब्धि न केवल जिले बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश और देश के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है। उनकी सफलता ने यह सिद्ध कर दिया है कि दृढ़ संकल्प, कड़ी मेहनत और सही मार्गदर्शन से अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भी सफलता का परचम लहराया जा सकता है।
————————————– –


 बकरी व भेड़ पालन योजनाओं में करें आवेदन
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़। पशुपालन विभाग द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 में ग्रामीण पशुपालकों, बेरोजगार युवाओं, महिलाओं तथा कमजोर वर्गों को स्वरोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से बकरी एवं भेड़ पालन योजनाओं के तहत आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. वेदव्रत गंगावार ने बताया कि जनपद को विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत बकरी और भेड़ पालन इकाइयों का लक्ष्य प्राप्त हुआ है, जिसके लिए पात्र अभ्यर्थियों का चयन शासन द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार किया जाएगा। उन्होंने बताया कि सामान्य बकरी पालन योजना के अंतर्गत जनपद को 14 इकाइयों का लक्ष्य प्राप्त हुआ है। इस योजना में भूमिहीन महिला-पुरुष, निराश्रित महिलाएं, कोविड प्रभावित परिवार, अनुसूचित जाति एवं जनजाति के लाभार्थी तथा दिव्यांगजन सहित विभिन्न आरक्षित वर्गों को शामिल करते हुए चयन प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इसके लिए आवेदन की अंतिम तिथि 09 जून निर्धारित की गई है। वहीं भेड़ पालन योजना के अंतर्गत जनपद को पांच इकाइयों का लक्ष्य प्राप्त हुआ है। इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी नौ जून तक आवेदन कर सकते हैं। चयन प्रक्रिया शासनादेश के अनुरूप संपन्न कराई जाएगी। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने बताया कि पशुपालन विभाग द्वारा संचालित बकरी पालन योजना (90 प्रतिशत राज्यांश एवं 10 प्रतिशत लाभार्थी अंशदान) के अंतर्गत वर्ष 2026-27 में 17 इकाइयों का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस योजना में अनुसूचित जाति वर्ग के महिला एवं पुरुष बेरोजगार पशुपालकों को प्राथमिकता दी जाएगी। साथ ही ऐसी विधवा एवं निराश्रित महिलाओं को भी वरीयता मिलेगी जिनके पास बकरियों के पालन हेतु पर्याप्त एवं उपयुक्त स्थान उपलब्ध हो। उन्होंने बताया कि भेड़ एवं बकरी पालन प्रशिक्षण केंद्र इटावा तथा केंद्रीय बकरी अनुसंधान संस्थान, फरह (मथुरा) से प्रशिक्षण प्राप्त आवेदकों को चयन प्रक्रिया में विशेष वरीयता प्रदान की जाएगी। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने जनपद के इच्छुक पशुपालकों, बेरोजगार युवाओं एवं महिलाओं से अपील की है कि वे समय रहते आवेदन कर योजनाओं का लाभ उठाएं तथा पशुपालन को आय और रोजगार का सशक्त माध्यम बनाएं।
————————————– –


  नाबालिग अपहरण कांड का आरोपी गिरफ्तार
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़। हथगाम थाना पुलिस ने नाबालिग अपहरण के मामले में वांछित चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।
बुधवार को थाना हथगाम पुलिस ने मु0अ0सं0 35/2026, धारा 87/137(2) बीएनएस से संबंधित वांछित अभियुक्त सूरज लोधी पुत्र जगदीश निवासी ग्राम छिवलहा थाना हथगाम को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसे विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया। पुलिस के अनुसार मामले से संबंधित नाबालिग किशोरी को पहले ही 29 मार्च को सकुशल बरामद कर लिया गया था। आरोपी की तलाश लगातार की जा रही थी, जिसे अब गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक उत्कर्ष मिश्रा, कांस्टेबल रवि कुमार तथा कांस्टेबल रविप्रकाश यादव शामिल रहे। पुलिस की इस कार्रवाई को अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की एक महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।
————————————— –


  विवाहिता को जहर देकर हत्या का आरोप
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। बकेवर थाना क्षेत्र के डारी गांव में एक माह पूर्व पति की मौत के बाद ससुरालीजनों ने जमीन हड़पने की नियत से उसकी पत्नी को जहर देकर मार डालने का आरोप लगाया है। थरियांव थाना के जयसिंहपुर निवासी रामधनी ने पुत्री के ससुरालीजनों के ऊपर आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। कहा कि उसकी 28 वर्षीय पुत्री विनीता चार माह की गर्भवती थी और कुछ दिन पहले ही पति धर्मेंद्र की पेड़ से गिरकर मौत हो गई थी जिसके चलते घर वालों की नियत उसके हिस्से की जमीन पर थी। बीमारी के नाम पर दवा दिलाने के बहाने उसे जहर दे दिया जिससे उसकी मौत हो गई। मृतका के बहनोई रावेंद्र पाल ने दोषियों पर कार्रवाई करने की मांग करते हुए कहा कि जमीन के लालच में विनीता को जहर देकर मार डाला गया है।
—————————————– 


  विवाहिता ने फांसी लगाकर दी जान
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। गाजीपुर थाना क्षेत्र के इटौली गांव में विवाहिता ने घर के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार इटौली गांव निवासी 30 वर्षीय सोनम पत्नी गया प्रसाद प्रजापति ने अपने घर के कमरे में साड़ी के सहारे फांसी लगाकर जान दे दी। घटना के समय परिवार के लोग घर पर मौजूद नहीं थे जब परिजनों की नजर कमरे पर पड़ी तो सोनम फंदे से लड़की मिली। आनन फानन में उसे नीचे उतारा गया लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। मृतका अपने पीछे एक पुत्र और एक पुत्री को छोड़ गई है। बताया जा रहा है कि उसका मायका अंजनी पहाड़पुर थाना असोथर है। ग्रामीणों के अनुसार सोनम मानसिक रूप से कमजोर मंदबुद्धि बताई जा रही थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्यवाही पूरी की तथा पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।
————————————– —


अज्ञात पिकअप की टक्कर से बाइक सवार घायल
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। गाजीपुर कस्बा स्थित बहुआ रोड पर गंगदेव बाबा मंदिर के समीप मंगलवार शाम एक तेज रफ्तार अज्ञात पिकअप वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गाजीपुर पहुंचाया, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार बहुआ रोड पर गंगदेव बाबा मंदिर के पास बाइक से जा रहे युवक को पीछे से आ रहे एक अज्ञात पिकअप वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना के तुरंत बाद पिकअप चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी, जिस पर पीआरबी 112 की टीम मौके पर पहुंची और घायल को एम्बुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गाजीपुर भिजवाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद घायल की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। बाद में घायल की पहचान संजय सिंह लोधी निवासी बड़ा गांव मछरिया के रूप में हुई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है तथा फरार पिकअप वाहन और उसके चालक की तलाश की जा रही है।
————————————— –
  छोटू के बाद मां ने भी इलाज के दौरान तोड़ा दम
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। जाफरगंज थाना क्षेत्र के ग्राम गौरहरा में मंगलवार की सुबह नशेड़ी पति की प्रताड़ना से तंग पत्नी ने अपने मासूम बच्चो को जहर खिलाने के बाद स्वयं जहर खा लिया था। जहां चार वर्षीय मासूम की मौत हो गयी थी। इलाज के दौरान कानपुर में मां ने भी दम तोड़ दिया। जबकि एक साल का मासूम जिंगदी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा है।
बतातें चलें कि गौरहरा गांव निवासी राजन निषाद की पताड़ना से तंग पत्नी राजरानी ने पहले अपने चार वर्षीय पुत्र छोटू को जहर खिलाया फिर एक वर्षीय मासूम को खिलाने के बाद स्वयं जहर खा लिया था। हालत बिगडने पर तीनो को बिन्दकी सीएचसी लाया गया। जहां से सदर के लिए रेफर कर दिया गया। सदर अस्पताल में चिकित्सक ने छोटू को मृत घोषित कर दिया था। जबकि मां और मासूम सौरभ की हालत गंभीर देख कानपुर के लिए रेफर कर दिया था। जहां इलाज के दौरान मां ने भी दम तोड़ दिया। जबकि मासूम बच्चा जिन्दगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा है।
———————————— –
  सड़क हादसे में मां बेटी समेत तीन घायल
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। जनपद के अलग-अलग थाना क्षेत्रो के अर्न्तगत हुये सड़क हादसो के दौरान मां बेटी समेत तीन लोग घायल हो गये। जिन्हे उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया।
जानकारी के अनुसार खागा कोतवाली क्षेत्र के ग्राम नन्दपुर स्कुरी गांव निवासी शैलेन्द्र कुमार गौतम अपनी 25 वर्षीय पत्नी खुशबू देवी ढाई वर्षीय पुत्री सानवी गौतम को बाइक में बैठाकर शहर आ रहा था। जैसे ही यह लोग सदर कोतवाली क्षेत्र के सुल्तान नगर के समीप पहंुचे तभी खुशबू का दुपट्टा पहिया में फंस जाने से मासूम बच्ची सहित रोड़ पर जा गिरी जिससे मां बेटी घायल हो गयी। इसी प्रकार गाजीपुर थाना क्षेत्र बंवारा पेट्रोल पम्प के समीप बुधवार की सुबह बाइकों की भिडन्त में 35 वर्षीय राजेश सिंह पुत्र बद्री विशाल निवासी राम नगर कौहन घायल हो गया। सूचना पर मौके में पहुंची सरकारी एम्बुलेंस ने घायलो को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *