रामकुंड तालाब पर छठ पूजा की तैयारियां तेज, श्रद्धालुओं के लिए नगर पालिका ने शुरू किए इंतजाम
उरई में घाटों की सफाई से लेकर रोशनी और सुरक्षा तक की व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों से होगी निगरानी
दीपक धुरिया अज़रा न्यूज़ जालौन। छठ पूजा पर्व को लेकर उरई के रामकुंड तालाब पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। पर्व के दौरान व्रत रखने वाली महिलाओं और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए प्रशासन ने व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है।
जिलाधिकारी समीर के निर्देशन में नगर मजिस्ट्रेट सुनील कुमार के नेतृत्व में नगर पालिका परिषद उरई की टीम पूजा स्थल को व्यवस्थित करने में जुटी हुई है। तैयारी अभियान के तहत रामकुंड तालाब और आसपास के घाटों की विशेष सफाई कराई जा रही है। तालाब में जमा जलकुंभी, गंदगी और अन्य अपशिष्ट पदार्थों को हटाकर परिसर को स्वच्छ बनाया जा रहा है। इसके साथ ही श्रद्धालुओं के आने-जाने वाले रास्तों को सुगम बनाने और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने पर भी जोर दिया जा रहा है।


