विधानसभा चुनाव से पहले मतदाताओं को मिलेगा ईवीएम चलाने का प्रशिक्षण

   विधानसभा चुनाव से पहले मतदाताओं को मिलेगा ईवीएम चलाने का प्रशिक्षण
– डीएम ने ईवीएम-वीवीपैट प्रशिक्षण अभियान का किया शुभारंभ
– खुद मतदान कर नागरिकों को समझाई पूरी प्रक्रिया
फोटो परिचय- (1) ई-वीएम वीवीपैट प्रशिक्षण अभियान के शुभारंभ पर मौजूद डीएम।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। विधानसभा चुनाव को लेकर जिला प्रशासन ने अभी से चुनावी तैयारियों को धार देना शुरू कर दिया है। मतदान के दिन किसी भी मतदाता को ईवीएम के इस्तेमाल में परेशानी न हो और हर पात्र मतदाता पूरे आत्मविश्वास के साथ अपने मताधिकार का प्रयोग कर सके, इसके लिए जिलेभर में विशेष जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। शुक्रवार को जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने कलेक्ट्रेट परिसर में ईवीएम एवं वीवीपैट प्रशिक्षण अभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान नागरिकों को केवल जानकारी ही नहीं दी गई, बल्कि उनसे खुद ईवीएम के माध्यम से मतदान का अभ्यास भी कराया गया।
जिलाधिकारी ने बताया कि यह अभियान जनपद, तहसील और ग्राम स्तर तक संचालित किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक नागरिक मतदान प्रक्रिया को समझ सकें और आगामी विधानसभा चुनाव में लोकतंत्र को मजबूत बनाने में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं। उन्होंने निर्वाचन से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ संचालित किए जाएं। इसके साथ ही निर्वाचक नामावली में पात्र मतदाताओं के नाम शामिल कराने के लिए 21, 22, 28 व 29 नवंबर को बूथ स्तर पर विशेष अभियान चलाया जाएगा। डीएम ने निर्देश दिए कि सभी बूथ लेवल अधिकारी और संबंधित कर्मचारी अपने-अपने बूथों पर उपस्थित रहकर पात्र मतदाताओं के नाम नियमानुसार सूची में शामिल कराने की कार्रवाई सुनिश्चित करें। इस मौके पर अपर जिलाधिकारी (न्यायिक), अपर उप जिलाधिकारी, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी, ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *