सेवा संकल्प अभियान में पात्रों तक पहुंचेगा योजनाओं का लाभ
सेवा संकल्प अभियान में पात्रों तक पहुंचेगा योजनाओं का लाभ
सेवा संकल्प अभियान में पात्रों तक पहुंचेगा योजनाओं का लाभ
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा अभियान
फोटो परिचय-(5) बैठक लेते सीडीओ। एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। जनपद में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले सेवा संकल्प अभियान को प्रभावी बनाने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार को प्रेक्षागृह में मुख्य विकास अधिकारी पवन कुमार मीना की अध्यक्षता में जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक हुई। इसमें अभियान के उद्देश्यों, प्रस्तावित कार्यक्रमों और विभागवार तैयारियों की समीक्षा की गई। सीडीओ ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक पात्र एवं जरूरतमंद लोगों तक शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाया जाए। मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य आमजन को बेहतर सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ उनकी समस्याओं का त्वरित निस्तारण और पात्र लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं से जोड़ना है। उन्होंने सभी विभागों को अभियान से संबंधित तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए। साथ ही ब्लॉक और ग्राम पंचायत स्तर पर क्रमवार गतिविधियां आयोजित कर पात्र लाभार्थियों का चिन्हांकन करने और उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने को कहा। सीडीओ ने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने की हिदायत देते हुए कहा कि अभियान केवल कागजी खानापूर्ति तक सीमित न रहे, बल्कि इसका सीधा लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने ‘सेवा, संवेदनशीलता और समाधान’ की भावना के साथ अभियान को सफल बनाने पर जोर दिया। बैठक में जिला विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक डीआरडीए, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, सभी खंड विकास अधिकारी समेत अन्य जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।