जनगणना की तैयारियां तेज, सोलह से शुरू होगा स्वगणना का कार्य
जनगणना की तैयारियां तेज, सोलह से शुरू होगा स्वगणना का कार्य
जनगणना की तैयारियां तेज, सोलह से शुरू होगा स्वगणना का कार्य
– एक दिसंबर से चार जनवरी तक घर-घर पहुंचेंगे प्रगणक
– सीडीओ ने मीडिया कार्यशाला में दी विस्तृत जानकारी
फोटो परिचय- मीडिया कार्यशाला में भाग लेते सीडीओ पवन कुमार मीना व अन्य। एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। जनगणना-2027 को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जनगणना के द्वितीय चरण यानी जनसंख्या गणना के तहत 16 नवंबर से 30 नवंबर तक स्वगणना की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
इसके बाद एक दिसंबर से चार जनवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर जाकर जनगणना का कार्य करेंगे।
जनगणना की प्रक्रिया को प्रभावी ढंग से संपन्न कराने और आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से गुरुवार को विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी पवन कुमार मीना की अध्यक्षता में मीडिया कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें जनगणना की प्रक्रिया, निर्धारित समय-सारिणी और स्वगणना के तरीके की जानकारी दी गई। कार्यशाला में सीडीओ ने बताया कि जनगणना के द्वितीय चरण में जनसंख्या गणना की जाएगी। इसके तहत नागरिकों को पहले स्वगणना का अवसर मिलेगा। स्वगणना के लिए 16 से 30 नवंबर तक निर्धारित पोर्टल पर ऑनलाइन जानकारी दर्ज की जा सकेगी।
इसके बाद प्रगणक एक दिसंबर से चार जनवरी तक घर-घर पहुंचकर जनगणना का कार्य करेंगे। उन्होंने बताया कि जनगणना की प्रक्रिया को व्यवस्थित और सफल बनाने के लिए आमजन का सहयोग बेहद महत्वपूर्ण है। सीडीओ व उपस्थित प्रशिक्षकों ने मीडिया प्रतिनिधियों को जनगणना की प्रक्रिया विस्तार से समझाई। साथ ही प्रतिनिधियों की ओर से पूछे गए सवालों व जिज्ञासाओं का समाधान भी किया। सीडीओ ने कहा कि जनगणना से संबंधित जानकारी जन-जन तक पहुंचाने में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका है।
इसलिए व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि लोगों को समय रहते स्वगणना व घर-घर होने वाली गणना की जानकारी मिल सके। अभियान को सुचारु रूप से पूरा किया जा सके। उन्होंने बताया कि स्वगणना के लिए पोर्टल का उपयोग किया जा सकता है। जनगणना से संबंधित अधिक जानकारी के लिए राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर 1855 तथा व्हाट्सएप चैटबॉट नंबर 18001801855 पर संपर्क किया जा सकता है। कार्यशाला में संबंधित अधिकारी, प्रशिक्षक और मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।