चौडगरा बिंदकी रोड रेलवे ओवरब्रिज पर बदहाली,सरिया बनी मौत की कील
चौडगरा बिंदकी रोड रेलवे ओवरब्रिज पर बदहाली,सरिया बनी मौत की कील
ओवरब्रिज की निकली सरिया बनी मौत की कील
– चौडगरा बिंदकी रोड रेलवे ओवरब्रिज पर बदहाली का आलम
– गड्ढों व सरियों में फंसकर घायल हो रहे दोपहिया सवार
फोटो परिचय- चौडगरा-बिन्दकी रोड रेलवे ओवरब्रिज की बदहाली का दृश्य। एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। चौडगरा कस्बे के बिंदकी रोड रेलवे ओवरब्रिज पर जिम्मेदारों की लापरवाही राहगीरों और वाहन चालकों की जान पर भारी पड़ रही है। ओवरब्रिज की सड़क से निकली खतरनाक सरिया व गड्ढे हादसों को न्योता दे रहे हैं। आलम यह है कि सरियों से टकराकर वाहनों के टायर फट रहे हैं, जबकि दोपहिया वाहन चालक गड्ढों और निकली सरियों में फंसकर सड़क पर गिरकर घायल हो रहे हैं।
व्यस्त मार्ग होने के कारण दिन भर यहां वाहनों का आवागमन रहता है। ऐसे में सड़क की बदहाली किसी बड़े हादसे का सबब बन सकती है। वाहन चालक मजबूरी में निकली सरियों से बचकर निकलने का प्रयास करते हैं, लेकिन अचानक सामने आ जाने वाली सरिया और गड्ढे खासकर बाइक सवारों के लिए मुसीबत बने हुए हैं। ओवरब्रिज की बदहाल स्थिति को देखकर वहां से गुजर रहे कांग्रेस नेता शिवाकांत तिवारी ने मौके का वीडियो बनाया और उसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर पोस्ट कर दिया। वीडियो के जरिए उन्होंने ओवरब्रिज की दुर्दशा को लेकर जिम्मेदारों पर सवाल उठाए और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को भी निशाने पर लिया। कांग्रेस नेता का आरोप है कि जिस सड़क और पुल से रोजाना हजारों लोग गुजरते हैं, उसकी ऐसी हालत जिम्मेदार विभागों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करती है। सड़क पर निकली सरिया और गड्ढे हादसों को खुला न्योता दे रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद अब तक मरम्मत की ओर ध्यान नहीं दिया गया। स्थानीय लोगों और वाहन चालकों का कहना है कि यदि समय रहते ओवरब्रिज की मरम्मत नहीं कराई गई तो किसी दिन बड़ा हादसा हो सकता है। लोगों ने संबंधित विभाग से निकली सरियों को तत्काल हटवाने, गड्ढों की मरम्मत कराने और ओवरब्रिज की सड़क को सुरक्षित बनाने की मांग की है। अब देखना यह है कि सोशल मीडिया पर मामला सामने आने के बाद जिम्मेदारों की नींद टूटती है या फिर किसी बड़े हादसे का इंतजार किया जाता है।