फसल बर्बाद किए जाने की डीएम से शिकायत, अन्य लघु ख़बरों के साथ,,,

फसल बर्बाद किए जाने की डीएम से शिकायत
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज खागा, फतेहपुर। कोतवाली क्षेत्र के कटोंघन गांव की रहने वाली आशा देवी ने दबंगों पर फसल नष्ट करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता आशा देवी का आरोप है कि विपक्षी हरपाल सिंह आदि ने रंजिश के चलते उसके खेत में फसल नष्ट करने वाली दवा का छिड़काव कर दिया। दवा के असर से खेत में खड़ी पूरी फसल सूख कर नष्ट हो गई, जिससे उसे भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
पीड़िता का कहना है कि यह घटना सोची-समझी साजिश के तहत की गई है। फसल ही उसके परिवार के जीवन यापन का एकमात्र सहारा थी। फसल बर्बाद होने से परिवार के सामने भुखमरी की नौबत आ गई है। न्याय की गुहार लेकर पीड़िता लगातार चौकी और कोतवाली खागा के चक्कर लगा रही है, लेकिन पुलिस द्वारा अभी तक कोई ठोस कार्यवाही नहीं की गई है। विपक्षी खुलेआम घूम रहे हैं और उसे धमका रहे हैं। पीड़िता ने जिलाधिकारी से शिकायत कर दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई और नुकसान का मुआवजा दिलाने की मांग की है।
——————————————- 
स्वच्छता बेड़े में जुड़ा नया वाहन, चेयरमैन ने किया पूजन
– जेसीबी से अब कूड़ा उठान में आएगी तेजी

एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज खागा, फतेहपुर– खागा, फतेहपुर। नगर पंचायत के स्वच्छता अभियान को मजबूती देने के लिए स्वच्छता बेड़े में एक और नया वाहन शामिल किया गया है। नगर पंचायत अध्यक्ष गीता सिंह ने विधि-विधान से नए वाहन का पूजन कर उसका शुभारंभ किया। इसके बाद उन्होंने नगर पंचायत परिसर में स्वयं जेसीबी चलाकर कार्य की शुरुआत की।
चेयरमैन गीता सिंह ने कहा कि नए वाहन के शामिल होने से नगर में कूड़ा कलेक्शन और उसके निस्तारण की व्यवस्था को और गति मिलेगी। कूड़ा उठाने में होने वाली देरी कम होगी तथा नगर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के अभियान को मजबूती मिलेगी। इस मौके पर सभासदगण और नगर पंचायत के कर्मचारी मौजूद रहे। नगरवासियों राममिलन, अवशेष और बिहारी ने नगर पंचायत की इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने में नए वाहन से काफी मदद मिलेगी।
——————————————– 
शास्त्री जयंती पर कायस्थ समाज की विभूतियां होंगी सम्मानित
– पूर्व संध्या पर दीप प्रज्जवलन व जयंती पर माल्यार्पण के साथ होगी गोष्ठी

एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज खागा, फतेहपुर–  अखिल भारतीय कायस्थ महासभा के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुमार श्रीवास्तव ने जिलाध्यक्ष विवेक श्रीवास्तव को पत्र जारी कर पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय लाल बहादुर शास्त्री की जयंती धूमधाम से मनाने के निर्देश दिए हैं। पत्र में कहा गया कि एक अक्टूबर को शास्त्री जी की जयंती की पूर्व संध्या पर उनकी प्रतिमा पर दीप प्रज्जवलित किया जाए।
प्रदेश अध्यक्ष ने निर्देशित किया कि दो अक्टूबर को जिलाध्यक्ष अपने पदाधिकारियों के साथ शास्त्री जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर गोष्ठी का आयोजन करें। साथ ही जयंती समारोह को भव्य रूप से मनाते हुए कायस्थ समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली विभूतियों को सम्मानित करने का भी निर्णय लिया गया है। यह कार्यक्रम अखिल भारतीय कायस्थ महासभा की जिला कार्यकारिणी, युवा जिला कार्यकारिणी एवं महिला जिला कार्यकारिणी के संयुक्त सहयोग से आयोजित किया जाएगा। प्रदेश अध्यक्ष ने जिलाध्यक्ष से कार्यक्रम की तैयारियां पूरी कर पदाधिकारियों के साथ सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *