छात्र की मौत पर कांग्रेस का हल्लाबोल, घर पहुंचकर सुनी बाबा की दास्तां
– यशु की मौत को लेकर विद्यालय प्रबंधन पर गंभीर आरोप
– कांग्रेस ने मान्यता रद करने, प्रधानाचार्य पर हत्या का मुकदमा व पचास लाख मुआवजे की उठाई मांग
फोटो परिचय- मृतक छात्र के परिवारीजनों से वार्ता करता कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। सरस्वती बाल विद्या मंदिर शिवपुरम कॉलोनी में कक्षा 12 के छात्र तेजस उर्फ यशु द्विवेदी की मौत का मामला लगातार गरमाता जा रहा है। बीती 26 अगस्त को हुई छात्र की मौत के बाद कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल मृतक के घर पहुंचा और परिजनों से मुलाकात कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। इस दौरान मृतक के बाबा सुरेंद्र द्विवेदी ने प्रतिनिधिमंडल के सामने पोते की मौत से जुड़ी दर्दभरी दास्तां सुनाई। परिजनों की ओर से विद्यालय प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
मृतक के बाबा सुरेंद्र द्विवेदी ने कांग्रेस नेताओं को बताया कि प्रधानाचार्य सक्षम त्रिवेदी ने बच्चे की छोटी सी गलती पर उसे कथित रूप से अंधेरे में ले जाकर बुरी तरह पीटा। इसके बाद छात्र की हालत बिगड़ गई। गंभीर अवस्था में उसे कानपुर के रीजेंसी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। छह भाइयों के बीच इकलौते चिराग की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बाबा ने यह भी सवाल उठाया कि उन्हें पुलिस की ओर से सूचना दी गई कि उनका बच्चा सौंरा में अचेत अवस्था में पड़ा है। उन्होंने इस घटनाक्रम को संदिग्ध बताते हुए आरोप लगाया कि छात्र को विद्यालय की ओर से ही अचेत अवस्था में वहां छोड़ा गया। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है और पूरे मामले की वास्तविक स्थिति जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।


