बोर्ड बैठक में पास प्रस्तावों के अमल न होने पर सभासदों ने सौंपा ज्ञापन

   बोर्ड बैठक में पास प्रस्तावों के अमल न होने पर सभासदों ने सौंपा ज्ञापन
मो. ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। नगर पालिका परिषद की बोर्ड बैठक में सर्वसम्मति से पारित जनहित के प्रस्तावों पर अब तक अमल न होने से नाराज वार्ड संख्या 24 के सभासद रीता पटेल ने अधिशासी अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। ज्ञापन में कहा गया कि बोर्ड की बैठक में पारित प्रस्ताव शहर के विकास और आमजन की सुविधाओं से जुड़े हैं, इसलिए उन्हें बिना विलंब लागू कराया जाए।
सभासद ने बताया कि 15 अप्रैल को हुई बोर्ड बैठक में कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए थे, लेकिन महीनों बीत जाने के बावजूद उन पर कार्रवाई शुरू नहीं हो सकी है। इससे नगरवासियों को अपेक्षित सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। ज्ञापन में प्रमुख रूप से अटल बिहारी पार्क के संचालन एवं रखरखाव के लिए किसी स्वयंसेवी संस्था, फर्म अथवा एनजीओ को नामित करने के प्रस्ताव को लागू करने की मांग की गई है। इसके अलावा ग्राम झाऊपुर स्थित नगर पालिका के साउथ सिटी जोन कार्यालय के निर्माण कार्य को शीघ्र शुरू कराने तथा नगर क्षेत्र में फुटपाथों एवं खाली पड़े मैदानों पर उगी झाड़ियों की सफाई, सूखे पेड़ों की कटाई और साफ-सफाई के लिए निर्माण विभाग में चार कर्मचारियों की भर्ती संबंधी प्रस्ताव पर भी तत्काल अमल कराने की मांग उठाई गई। सभासद ने कहा कि ये सभी प्रस्ताव नगर हित और जनसुविधाओं को ध्यान में रखकर बोर्ड द्वारा सर्वसम्मति से पारित किए गए थे। ऐसे में इन पर देरी होना जनहित के विपरीत है। उन्होंने अधिशासी अधिकारी से मांग की कि सभी लंबित प्रस्तावों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई सुनिश्चित कर नगरवासियों को उनका लाभ दिलाया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *