कृष्ण विसर्जन में उमड़े श्रद्धालु, अबीर-गुलाल उड़ा

   कृष्ण विसर्जन में उमड़े श्रद्धालु, अबीर-गुलाल उड़ा
फोटो परिचय-  भगवान श्रीकृष्ण की विसर्जन यात्रा में नाचते श्रद्धालु।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज धाता, फतेहपुर। नगर पंचायत धाता कस्बे के शुक्लाना टोला में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर आयोजित दस दिवसीय धार्मिक कार्यक्रम का समापन भगवान श्रीकृष्ण की भव्य विसर्जन यात्रा के साथ हुआ। विसर्जन यात्रा में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। गाजे-बाजे और जयकारों के बीच निकली यात्रा में जमकर अबीर-गुलाल उड़ा, जिससे पूरा रास्ता कृष्ण भक्ति के रंग में रंगा नजर आया।

शुक्लाना टोला में जन्माष्टमी के दिन भगवान श्रीकृष्ण की प्रतिमा स्थापित की गई थी। दस दिनों तक प्रतिदिन शाम को भव्य आरती, भजन-कीर्तन और विभिन्न धार्मिक झांकियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान आयोजित भंडारे में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। बीते दिन सुबह आरती के बाद भगवान श्रीकृष्ण की प्रतिमा को ट्रैक्टर पर विराजमान कर गाजे-बाजे के साथ विसर्जन यात्रा निकाली गई। यात्रा में बड़ी संख्या में माताएं-बहनें, बच्चे और श्रद्धालु शामिल हुए। श्रद्धालु नाचते-गाते हुए जय श्रीकृष्ण के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़े। भक्तों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाया और जमकर रंग उड़ाया। देखते ही देखते पूरा मार्ग गुलाल के रंग से सराबोर हो गया। कस्बे में भ्रमण के बाद श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण की प्रतिमा को नहर में विधि-विधान के साथ विसर्जित किया। इस दौरान पूरे कस्बे में देर तक भक्तिमय माहौल बना रहा और श्रीकृष्ण के जयकारों से वातावरण गूंजता रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *