स्टेट ताइक्वांडो चैंपियनशिप में जिले का जलवा
– सात खिलाड़ियों ने जीते सात पदक, वापसी पर हुआ सम्मान
फोटो परिचय- स्टेट ताइक्वांडो चैंपियनशिप से लौटी टीम का स्वागत करते अध्यक्ष। मो. ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। कानपुर स्थित स्वीट एंजल इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित दो दिवसीय स्टेट ताइक्वांडो चैंपियनशिप में ताइक्वांडो एसोसिएशन ऑफ फतेहपुर की शाखा राज ताइक्वांडो एकेडमी के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सात पदकों पर कब्जा जमाकर जिले का गौरव बढ़ाया। टीम ने प्रतियोगिता में दो स्वर्ण, तीन रजत और दो कांस्य पदक अपने नाम किए।
प्रतियोगिता में अर्जित नारायण पाण्डेय और अनुष्का यादव ने स्वर्ण पदक, कविश कुमार, इशिता यादव और रक्षा त्रिपाठी ने रजत पदक, जबकि इशिता सोनी और हर्ष चक्रवर्ती ने कांस्य पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता से लौटने पर ताइक्वांडो एसोसिएशन ऑफ फतेहपुर के अध्यक्ष किशन मेहरोत्रा ने सभी विजेता खिलाड़ियों का विजय तिलक लगाकर, पदक पहनाकर तथा टी-शर्ट भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि फतेहपुर के खिलाड़ी लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं और वह दिन दूर नहीं जब जिले के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी पदक जीतकर प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगे। एसोसिएशन के सचिव एवं प्रशिक्षक राजकुमार ने सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि प्रशिक्षण में नई तकनीकों और आधुनिक अभ्यास पद्धति को शामिल कर खिलाड़ियों को और बेहतर बनाया जाएगा, ताकि वे आगामी प्रतियोगिताओं में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकें। सम्मान समारोह के दौरान खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों ने भारत माता की जय और वंदे मातरम के गगनभेदी नारों के साथ जीत का उत्साह मनाया, जिससे पूरा वातावरण राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग गया।