केक काटकर मनाया जिले का 200 वां स्थापना दिवस
– गूंजा हैप्पी बर्थडे फतेहपुर, बच्चों में रहा उत्साह
फोटो परिचय- बच्चों के संग केक काटकर जिले का स्थापना दिवस मनाते रेडक्रास चेयरमैन। एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। जननी जन्मभूमिश्च स्वर्गादपि गरीयसी अर्थात जन्मभूमि स्वर्ग से भी बढ़कर होती है। इसी पुनीत भावना के साथ मंगलवार को फतेहपुर के 200 वर्ष पूर्ण होने पर इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी के तत्वावधान एवं डॉ. सत्यनारायण सेवा फाउंडेशन के संयोजकत्व में सूबेदार का पुरवा गांव में स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया।
कार्यक्रम का आयोजन इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी के चेयरमैन एवं उत्तर प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य डॉ. अनुराग श्रीवास्तव के नेतृत्व में हुआ। इस दौरान केक काटकर फतेहपुर का जन्मदिन मनाया गया। कार्यक्रम में गांव के बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ गुब्बारे फुलाए और देशभक्ति गीतों पर नृत्य प्रस्तुत करने के साथ गीत गाकर जन्मभूमि के प्रति अपना प्रेम और उत्साह प्रदर्शित किया। डॉ. अनुराग श्रीवास्तव ने बच्चों को फतेहपुर के गौरवशाली इतिहास व उसके 200 वर्षों के सफर के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इसके बाद सभी बच्चों को केक, बिस्कुट, टॉफी, गुब्बारे, पेंसिल, रबर, कटर और रुमाल आदि वितरित किए गए। बच्चों ने सामूहिक रूप से हैप्पी बर्थडे फतेहपुर और फतेहपुर जिंदाबाद के नारे लगाकर कार्यक्रम को यादगार बना दिया। इस अवसर पर प्रमुख सहयोगी जबर यादव, अंकित यादव सहित इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी के कार्यकारिणी सदस्य चैतन्य कुमार उपस्थित रहे।