रात में सड़क पर उतरे डीएम-एसपी, हाईवे सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

      रात में सड़क पर उतरे डीएम-एसपी, हाईवे सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
दीपक धुरिया जालौन अजरा न्यूज कालपी– पुल पर डायवर्जन, जोल्हूपुर ओवरब्रिज और आटा टोल पर अलर्ट सिस्टम को लेकर दिए निर्देश
जालौन। जनपद में सड़क सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत एवं दुर्घटनामुक्त बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय और पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने देर रात राष्ट्रीय राजमार्ग के विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने कालपी स्थित यमुना पुल, जोल्हूपुर चौराहा और आटा टोल प्लाजा पहुंचकर यातायात व्यवस्था, सुरक्षा उपायों तथा आमजन की सुविधाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।


निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कालपी स्थित यमुना पुल पर चल रहे मरम्मत कार्य को देखते हुए वैकल्पिक डायवर्जन व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मरम्मत कार्य के दौरान किसी भी स्थिति में आवागमन बाधित नहीं होना चाहिए और भारी वाहनों सहित आम नागरिकों को सुरक्षित एवं सुगम यातायात उपलब्ध कराया जाए।
जोल्हूपुर चौराहे पर प्रस्तावित ओवरब्रिज निर्माण को लेकर भी चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि ओवरब्रिज बनने से क्षेत्र में लगने वाले जाम और सड़क दुर्घटनाओं की समस्या में काफी राहत मिलेगी तथा आवागमन अधिक सुरक्षित और सुचारु हो सकेगा।


निरीक्षण के दौरान हाईवे किनारे संचालित उन दुकानों और मरम्मत केंद्रों पर भी नाराजगी जताई गई, जहां सड़क किनारे ही ट्रक और भारी वाहनों की मरम्मत की जा रही थी। जिलाधिकारी ने एनएचएआई अधिकारियों को निर्देश दिए कि हाईवे की जद में आने वाले ऐसे अतिक्रमण और अवैध गतिविधियों को तत्काल हटाया जाए, जिससे दुर्घटनाओं की संभावना को कम किया जा सके।
आटा टोल प्लाजा पर निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पब्लिक एड्रेस सिस्टम को लगातार सक्रिय एवं प्रभावी बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा से जुड़े संदेश, सावधानियां और दुर्घटना रोकथाम संबंधी स्लोगन नियमित रूप से प्रसारित किए जाएं। साथ ही टोल कर्मचारियों को निर्देशित किया गया कि रात्रि में गुजरने वाले वाहन चालकों से संवाद कर उन्हें थकान की स्थिति में रेस्ट एरिया में विश्राम करने के लिए प्रेरित किया जाए।


जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि सामूहिक जागरूकता का विषय है। थोड़ी सी सावधानी और सतर्कता से कई अमूल्य जीवन बचाए जा सकते हैं।
इस दौरान उप जिलाधिकारी मनोज सिंह, खनन अधिकारी सन्नी कौशल, एआरटीओ प्रशासन सुरेश, प्रवर्तन राजेश कुमार तथा एनएचएआई के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *